जींद में व्यापारी से चौथ मांगने व धमकी देने वाले तीन गिरफ्तार

 


जींद, 27 मई (हि.स.)। नरवाना पुराना बाजार व्यापारी से चौथ मांगने व जान से मारने की धमकी देने के मामले में सीआईए स्टाफ नरवाना व थाना शहर नरवाना पुलिस की टीम ने मुख्य आरोपी सहित तीन बदमाशों को काबू किया है। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है। पकड़े गए आरोपितों की पहचान नरवाना हाल आबाद रोहिणी दिल्ली निवासी हर्पित, गांव कोयल निवासी अंकुश व अभिषेक के रूप में हुई है।

उप पुलिस अधीक्षक नरवाना कमलजीत राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि गत 25 मई को पुराना बाजार नरवाना में एक व्यापारी को तीन बदमाश युवकों ने चौथ मांगी और चौथ राशि न देने पर जान से मारने की धमकी दी।

जिस पुलिस ने मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला की सभी क्राइम टीमों को एक्टिव किया गया। सीआईए नरवाना की टीम आरोपितों को काबू करने के लिए लगातार उसके ठिकानों पर रेड कर रही थी लेकिन आरोपित बार-बार अपनी लोकेशन चेंज कर रहा था। मंगलवार को सूचना मिली कि चौथ मांगने वाले तीन आरोपी दबलैन माइनर पर बैठे हैं। सीआईए नरवाना व थाना शहर नरवाना की टीम ने आरोपितों को माइनर पर दोनों तरफ से घेर लिया। मुख्य आरोपी हर्पित ने पुलिस की गिरफ्तारी से बचने के लिए माइनर में छलांग लगा दी। नीचे गिरने से आरोपित घायल हो गया। जिस पर पुलिस टीम ने आरोपित को उपचार के लिए नरवाना अस्पताल में दाखिल करवा दिया है। प्रारंभिक पूछताछ पर पता चला है कि आरोपित हर्पित के चाचा नसीब ने इसी व्यापारी पर एक साल पहले गोली चलाई थी। जिसकी अगले माह गवाही थी। आरोपितों ने व्यापारी पर दबाब बनाने के लिए घटना को अंजाम दिया था। लेकिन सीआईए टीम ने तत्परता से कारवाई करते हुए आरोपितों को दबोच लिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा