सोनीपत: घर तिरंगा अभियान में देशभक्ति के रंगे में रंगे देशभक्त

 




सोनीपत, 11 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता

दिवस से पहले हर घर तिरंगा अभियान के तहत मंगलवार को सोनीपत जिले में देशभक्ति का माहौल

देखने को मिला। जिला प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की ओर से

तिरंगा मैराथन, तिरंगा यात्रा और साइकिल रैली का आयोजन किया गया। हाथों में राष्ट्रीय

ध्वज लेकर निकले युवाओं, महिलाओं, बुजुर्गों, जनप्रतिनिधियों और सुरक्षा बलों के जवानों

ने राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्य का संदेश दिया।

जिला

प्रशासन की ओर से सुभाष स्टेडियम से लघु सचिवालय तक तिरंगा मैराथन निकाली गई। नगर निगम

के महापौर राजीव जैन ने मुख्य अतिथि के रूप में मैराथन को रवाना किया। जिला खेल अधिकारी

मनोज और उनकी टीम भी मौजूद रही। सैकड़ों युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साह के

साथ दौड़ लगाई। इस दौरान भारत माता की जय, वंदे मातरम और इंकलाब जिंदाबाद के जयघोष

से वातावरण गूंज उठा। मार्ग में लोगों ने भी प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। महापौर

राजीव जैन ने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। हर घर तिरंगा

अभियान नागरिकों को राष्ट्र के प्रति सम्मान और अपनी भावनाएं व्यक्त करने का अवसर देता

है। ऐसे आयोजनों से युवाओं में देशभक्ति, एकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत

होती है।

खरखौदा

में विधायक पवन खरखौदा के नेतृत्व में तिरंगा यात्रा निकाली गई। विधायक कार्यालय से

शुरू हुई यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए आंबेडकर चौक पहुंची। बड़ी संख्या

में युवा, महिलाएं, बुजुर्ग और स्थानीय नागरिक इसमें शामिल हुए। आंबेडकर चौक पहुंचने

पर विधायक पवन खरखौदा सहित जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव आंबेडकर तथा

महात्मा ज्योतिबा फुले की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। समानता, सामाजिक समरसता और

भाईचारे को मजबूत करने का संकल्प लिया गया। इस दौरान नगर पालिका अध्यक्ष हीरा लाल,

बबीता दहिया और मंडल अध्यक्ष नरेश पाराशर सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

उधर,

220वीं वीआईपी सुरक्षा बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की ओर से कमांडेंट अमित कुमार

के नेतृत्व में तिरंगा साइकिल रैली निकाली गई। अधिकारियों और जवानों ने साइकिलों पर

तिरंगा लेकर लोगों को राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का

संदेश दिया। कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि तिरंगा वीर शहीदों के बलिदान और देश की

एकता का प्रतीक है। द्वितीय कमान अधिकारी कमलवीर यादव ने लोगों से 9 से 17 अगस्त तक

चल रहे अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा घरों, प्रतिष्ठानों और कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक

तिरंगा फहराने की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना