नूंह में मुख्यमंत्री की रैली से पहले सुरक्षा प्रबंध हुए चाक-चौबंद

 




नूंह, 23 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी की 25 जुलाई को पुन्हाना रैली के मद्देनजर जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री की प्रस्तावित जनसभा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

जिला पुलिस अधीक्षक डॉ.अर्पित जैन और उपायुक्त अखिल पिलानी ने गुरुवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ रैली स्थल, हेलिपैड, पार्किंग स्थल तथा अन्य महत्वपूर्ण स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए।

पुलिस अधीक्षक डॉ. अर्पित जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री के प्रस्तावित दौरे को देखते हुए सुरक्षा के सभी बिंदुओं की समीक्षा की गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित कर रहा है। रैली स्थल, हेलिपैड, सार्वजनिक पार्किंग और अन्य संवेदनशील स्थानों पर पुलिस बल की तैनाती की विस्तृत योजना तैयार की जा रही है, ताकि कार्यक्रम पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।

उपायुक्त अखिल पिलानी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का प्रयास है कि मुख्यमंत्री का दौरा सफलतापूर्वक संपन्न हो और आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

जिला प्रशासन के अनुसार कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग, भीड़ प्रबंधन और आपातकालीन सेवाओं के लिए अलग-अलग टीमें तैनात रहेंगी, ताकि मुख्यमंत्री का दौरा सुरक्षित, व्यवस्थित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया