झज्जर में गणपति विसर्जन करते माइनर में डूबे तीन युवक

 






एक का शव बरामद, दो की तलाश में देर रात तक चला रेस्क्यू ऑपरेशन

एक को बचाने के लिए दो साथियों ने भी लगा दी थी छलांग

हिसार, 25 सितंबर (हि.स.)। गणपति प्रतिमा विसर्जन का उल्लास शुक्रवार शाम उस

समय मातम में बदल गया, जब हरियाणा के झज्जर जिले के गांव रोहद के पास एनसीआर माइनर

में तीन युवक डूब गए। एक युवक को डूबता देख उसे बचाने के लिए उसके दो साथियों ने भी

पानी में छलांग लगा दी, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों ही पानी में समा गए।

कई घंटे चले सर्च अभियान के बाद अजय का शव बरामद कर लिया गया, जबकि शिवकांत और नितेश

की तलाश में पुलिस तथा एसडीआरएफ की टीमें देर रात तक जुटी रहीं।

हादसा शाम करीब साढ़े छह बजे हुआ। रोहद में किराये पर रहने वाले कुछ प्रवासी

युवक गणपति प्रतिमा विसर्जन के लिए एनसीआर माइनर पर पहुंचे थे।

ढोल-नगाड़ों के बीच

युवक प्रतिमा विसर्जन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक एक युवक पानी में डूबने लगा। उसे

बचाने के प्रयास में दो अन्य युवक भी माइनर में उतर गए, लेकिन देखते ही देखते तीनों

पानी में डूब गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया। करीब आठ

बजे अजय का शव घटनास्थल से कुछ दूरी पर बरामद कर लिया गया। अजय मध्य प्रदेश का रहने

वाला था। वहीं शिवकांत और नितेश का कोई सुराग नहीं लग सका।

दोनों की तलाश के लिए एसडीआरएफ

की टीम को बुलाया गया और देर रात तक माइनर में अभियान जारी रहा।

हादसे की सूचना मिलने पर एसडीएम अभिनव सिवाच, नायब तहसीलदार प्रवीण शर्मा और

एसीपी प्रदीप कुमार समेत कई अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान का जायजा

लिया। तीनों युवक रोहद स्थित एक कंपनी में काम करते थे और वहीं किराये पर रह रहे थे।

शिवकांत उत्तर प्रदेश और नितेश बिहार का रहने वाला बताया गया है।

-हर साल हो रहे हादसे, फिर भी नहीं थम रहा सिलसिला-

एनसीआर माइनर में पानी का बहाव तेज होने के साथ इसकी गहराई भी काफी अधिक है।

इसके बावजूद यहां धार्मिक आयोजनों के दौरान लोग जान जोखिम में डालकर विसर्जन करने पहुंचते

हैं। कुछ दिन पहले ही दुल्हेड़ा के पास गणपति विसर्जन के दौरान जम्मू-कश्मीर मूल के

एक युवक की डूबने से मौत हो चुकी है। अब रोहद के पास एक ही हादसे में तीन युवकों के

डूबने से एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर