हांसी में बिजली व्यवस्था चरमराई: एक ही दिन में तीन ट्रांसफार्मर जले
घंटों गुल रही बिजली ने छुड़ाए पसीने
हांसी, 20 मई (हि.स.)। गर्मी का मौसम शुरू होते
ही शहर की बिजली व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। हांसी शहर में बुधवार
को 11 केवी हाईवे फीडर पर एक ही दिन में तीन बिजली ट्रांसफार्मर जल जाने से शहर के
कई इलाकों में घंटों तक बिजली सप्लाई बाधित रही। भीषण गर्मी के बीच बिजली कटौती से
लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं बिजली कर्मचारियों ने विभागीय अधिकारियों
की कार्यप्रणाली और लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
जानकारी के अनुसार जिन ट्रांसफार्मरों में खराबी
आई उनमें ऑल्ड ऑटो मार्केट, मंडी सैनियान स्थित छबीला चक्की वाला ट्रांसफार्मर तथा
एसडी कॉलेज के पास लगा ट्रांसफार्मर शामिल हैं। ट्रांसफार्मर जलने के कारण आसपास के
क्षेत्रों में लंबे समय तक बिजली आपूर्ति बाधित रही।
बिजली कर्मचारियों का आरोप है कि अधिकारियों
की गलत नीतियों, समय पर मेंटेनेंस नहीं होने और बढ़ते लोड के बावजूद क्षमता वृद्धि
न किए जाने के कारण लगातार ऐसे हादसे हो रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार विभाग लगातार
नए बिजली कनेक्शन जारी कर रहा है, लेकिन न तो नए ट्रांसफार्मर लगाए जा रहे हैं और न
ही पुराने ओवरलोड ट्रांसफार्मरों को बदला जा रहा है।
कर्मचारियों ने बताया कि लाइन स्टाफ द्वारा कई
बार एरिया इंचार्ज और उच्च अधिकारियों को लिखित व मौखिक रूप से समस्याओं से अवगत करवाया
जा चुका है, लेकिन इसके बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। बिजली कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि भविष्य
में किसी कर्मचारी के साथ कोई दुर्घटना होती है या जान-माल का नुकसान होता है, तो इसकी
पूरी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों और एरिया इंचार्ज की होगी।
दूसरी तरफ शहरवासियों का कहना है कि प्रशासन
द्वारा दावे किए जा रहे थे कि इस बार गर्मी का मौसम शुरू होने से पहले बिजली निगम द्वारा
बिजली सप्लाई सिस्टम को अपडेट और अपग्रेड कर दिया गया है और इस बार लोगों को गर्मी
के मौसम में अनिश्चितकालीन बिजली कटों का सामना नहीं करना पड़ेगा। लेकिन गर्मी का मौसम
शुरू होते ही बिजली निगम के ट्रांसफार्मर हांफने लगे हैं तथा ट्रांसफार्मर फुंकने और
बिजली कटौती की घटनाओं से आम जनता परेशान है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर