जींद : पशु चोर गिरोह का एक सदस्य गिरफ्तार
जींद, 22 अप्रैल (हि.स.)। एवीटी स्टाफ ने पशु चोरी मामले में पांच चोरीशुदा पशुओं सहित पशु चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पशु चोरी के मामलों के बारे में पूछताछ कर रही है।
एवीटी स्टाफ जींद के इंचार्ज उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि थाना जुलाना में शिकायतकर्ता अजय वासी जुलाना ने अपनी शिकायत में बताया कि गांव जैजैवंती में स्थित उसकी भैंसों की डेयरी में से तीन-चार अज्ञात चोर उसकी डेयरी का ताला तोड़ कर उसकी चार भैंसें चोरी कर ले गए। पुलिस ने अजय की शिकायत पर चोरी का मामला दर्ज कर लिया। एवीटी स्टाफ ने तकनीकी जांच व साक्ष्यों के आधार पर गांव शामली उत्तर प्रदेश निवासी सारिक को नियमानुसार गिरफ्तार किया है। पुलिस ने सारिक की निशानदेही पर तीन भैंस व दो कटड़ी बरामद की हैं। आरोपित को अदालत में पेश कर जिला जेल भेज दिया गया है। पुलिस वारदात में शामिल अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
एवीटी स्टाफ जींद के इंचार्ज उप निरीक्षक यशवीर सिंह ने आमजन से अपील करती है कि अपने पशुओं व संपत्ति की सुरक्षा के लिए सतर्क रहें, रात के समय उचित सुरक्षा व्यवस्था करें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा