सिरसा: महिला सहित तीन चूरापोस्त तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 08 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से एक महिला सहित तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर दस किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। एंटी नारकोटिक्स सेल सिरसा पुलिस प्रभारी ने मंगलवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान सिरसा से गांव दड़बा की तरफ जा रही थी। इसी दौरान गांव दड़बा के नजदीक एक ट्रक आता दिखाई दिया।
पुलिस ने शक के आधार पर ट्रक को जांच के लिए रोका। तलाशी लेने पर ट्रक से साढ़े नौ किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। पकड़े गए तस्करों की पहचान ट्रक ड्राइवर काला सिंह व सहायक राजेंद्र के रूप में हुई। उन्होंने बताया कि पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया है। उधर, रानियां थाना पुलिस ने गश्त के दौरान एक महिला को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से आधा किलोग्राम चूरापोस्त बरामद किया है। आरोपी महिला की पहचान मनप्रीत कौर के रूप में हुई। रानियां थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान रानियां क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक महिला थैला लेकर आती दिखाई दी जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गई। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर थैले की तलाशी ली तो आधा किलोग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma