हांसी : डाटा गांव में नाली बनाने को लेकर खूनी संघर्ष, पिता-पुत्र समेत तीन घायल

 




पंचायत की ओर से बनवाई जा रही थी गली की नाली, विरोध के बीच उखाड़ने का आरोप

60 वर्षीय बुजुर्ग के सिर में गंभीर चोट, तीनों हिसार रेफर

हांसी, 13 अक्टूबर (हि.स.)। क्षेत्र के गांव डाटा में सुबह गली के पानी की

निकासी के लिए बनाई जा रही नाली को लेकर मंगलवार काे दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पंचायत की

ओर से करवाए जा रहे निर्माण कार्य के दौरान शुरू हुई कहासुनी देखते ही देखते दोनों

पक्षों के बीच हाथापाई में बदल गई। झगड़े में एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायलों

में पिता-पुत्र भी शामिल हैं। गंभीर रूप से घायल 60 वर्षीय बलवान के सिर में चोट आई

है। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी गंभीर हालत को

देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद हिसार रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह डाटा गांव में रविदास मंदिर के पीछे गली का

निर्माण करवाया जा रहा था। गली एक तरफ से बंद थी और गंदे पानी की निकासी के लिए नालियां

बनाई जा रही थीं। इसी दौरान दूसरे पक्ष ने नाली बनाने का विरोध किया। आरोप है कि विरोध

के दौरान नाली उखाड़ दी गई। इस बात को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई, जो

बाद में झगड़े में बदल गई। झगड़े में बलवान, उसका 50 वर्षीय भाई रणबीर और बलवान का 22 वर्षीय बेटा सचिन

घायल हो गए। परिजन तीनों को एंबुलेंस की मदद से हांसी के नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे।

डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत को देखते हुए हिसार रेफर कर दिया। गांव के सरपंच प्रतिनिधि सतपाल शर्मा ने बताया कि घटना के समय वह किसी काम

से बाहर थे। उन्हें विवाद की सूचना मिली है। उनके अनुसार, पंचायत की ओर से गली का निर्माण

सही जगह पर करवाया जा रहा था। इसी दौरान एक पक्ष द्वारा नाली उखाड़ने के बाद विवाद

हुआ। उन्होंने कहा कि गांव लौटने के बाद पूरे मामले की जानकारी लेंगे। घटना के बाद

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। फिलहाल पुलिस द्वारा झगड़े के कारणों और दोनों

पक्षों के आरोपों की जांच की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर