हिसार में नाबालिगों ने एयरगन से फैलाई दहशत, तीन काबू
एक ही परिवार के तीन सदस्य हुए घायल
जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष होंगे पेश,
पुलिस कर रही हर पहलू से जांच
हिसार, 06 अगस्त (हि.स.)। अर्बन एस्टेट थाना क्षेत्र
स्थित जिंदल अस्पताल के समीप एयर गन से कथित फायरिंग कर दहशत फैलाने के चर्चित
मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है।
मामले में संलिप्त तीन नाबालिग किशोरों
को उनके अभिभावकों की मौजूदगी में पूछताछ के लिए जांच में शामिल किया गया है। शुक्रवार
को तीनों को जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा, जिसके बाद बोर्ड के निर्देशानुसार
आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने गुरुवार काे बताया कि शिकायत,
उपलब्ध साक्ष्यों और जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही
है। किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुरूप तीनों नाबालिगों से उनके परिजनों
की अभिरक्षा में पूछताछ की गई है। पूरे मामले की गहनता से जांच जारी है और किसी भी
दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
मामले के अनुसार बुधवार रात जिंदल अस्पताल से कुछ ही दूरी पर स्थित दयानंद
कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर आए नाबालिग किशोरों
ने अचानक एयरगन से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार करीब
छह फायरिंग की गई, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई। शिव मंदिर और तिकोना
पार्क के आसपास मौजूद लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
फायरिंग की चपेट में एक ही परिवार के तीन सदस्य
आ गए। पुलिस के अनुसार, दयानंद कॉलोनी निवासी गोविंद (36) अपनी पत्नी निशा (30) और
12 वर्षीय बेटी बीरा उर्फ गुन्नू के साथ अपने भांजे को छोड़ने आए थे। इसी दौरान दो
बाइकों पर पहुंचे किशोरों ने एयरगन से फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में गोविंद की पीठ,
निशा की बाजू और बेटी बीरा के सीने में एयरगन की छर्रे लगे। घायल होने के बाद मौके पर
चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने बिना देर किए तीनों घायलों को
जिंदल अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। चिकित्सकों के अनुसार तीनों की हालत
फिलहाल खतरे से बाहर है। गोविंद के भाई गौतम ने बताया कि निशा की बाजू में लगी गोली
आर-पार निकल गई थी। यदि समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की सूचना मिलते ही पार्षद जगमोहन मित्तल
भी अस्पताल पहुंचे और विधायक सावित्री जिंदल को पूरे घटनाक्रम की जानकारी दी। उन्होंने
बताया कि घायल गोविंद जिंदल फैक्ट्री में कार्यरत हैं और परिवार का इलाज जारी है।
वारदात की सूचना मिलते ही अर्बन एस्टेट थाना पुलिस
मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। थाना प्रभारी इंस्पेक्टर
विकास कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की और तकनीकी व अन्य साक्ष्यों
के आधार पर तीन नाबालिग किशोरों को जांच में शामिल किया।
एसपी सिद्धांत जैन ने कहा कि पुलिस निष्पक्ष और
पारदर्शी तरीके से जांच कर रही है। कानून हाथ में लेने या सार्वजनिक शांति भंग करने
का प्रयास करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मामले
के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के निर्देशानुसार
आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर