पंजाब के कुख्यात बच्चा गैंग का गैंगस्टर दो साथियों सहित सिरसा में गिरफ्तार
सिरसा, 30 जून (हि.स.)। पुलिस ने पंजाब के कुख्यात बच्चा गैंग के सक्रिय गैंगस्टर गौरव शर्मा को उसके दो साथियों सहित सिरसा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, 81 जिंदा कारतूस और छह लाख रुपए की ब्लैक मनी बरामद की है।
डीएसपी सुखबीर सिंह ने मंगलवार को पत्रकार वार्ता में इसका खुलासा करते हुए बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।
इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि डबवाली रोड स्थित रिलायंस पेट्रोल पंप के पास एक गाड़ी में सवार तीन युवक अवैध हथियारों के साथ मौजूद हैं और किसी वारदात की योजना बना रहे हैंं।
सूचना मिलते ही सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र सिंह के नेतृत्व में टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी कर तीनों को दबोच लिया। तलाशी लेने पर आरोपियों के कब्जे से तीन अवैध पिस्तौल, 81 जिंदा कारतूस तथा छह लाख रुपए की नकदी बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी गौरव शर्मा, सिरसा निवासी विकास देहड़ तथा हिसार निवासी अंकुश के रूप में हुई है। डीएसपी सुखबीर सिंह ने बताया कि गिरफ्तार गौरव शर्मा पंजाब के बच्चा गैंग का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ हत्या, लूट, डकैती, फिरौती, धमकी समेत करीब 40 संगीन आपराधिक मामले दर्ज हैं।
वह पीछले 13 सालों से पंजाब की जेल में बंद था और फिलहाल पैरोल पर बाहर आया हुआ था। शुरुआती जांच में संकेत मिले हैं कि वह अपने साथियों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
पुलिस तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी। रिमांड के दौरान हथियारों की सप्लाई चेन, बरामद नकदी के स्रोत, गैंग के अन्य सदस्यों और संभावित आपराधिक साजिश के बारे में गहन पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि पूछताछ में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है तथा मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है और इसकी सूचना पंजाब पुलिस को भी दे दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma