जींद : मंडी के अंदर होगी किसानों की बायोमेट्रिक, गेट पर नही

 


जींद, 29 मार्च (हि.स.)। गेहूं खरीद सीजन के दौरान इस बार किसानों की सुविधा और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए कई नए प्रावधान लागू किए गए हैं। किसानों की बायोमीट्रिक प्रक्रिया मंडी के गेट पर नही बल्कि गेहूं की ढेरी की खरीद के समय मंडी के अंदर ही की जाएगी। एक किसान अपने परिवार के तीन सदस्यों को बायोमीट्रिक के लिए अधिकृत कर सकता है ताकि किसी कारणवश किसान के मंडी में उपस्थित न होने की स्थिति में उसके परिवार का सदस्य गेहूं की खरीद प्रक्रिया पूरी करवा सके।

डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने रविवार को बताया कि गेहूं खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और किसानों के लिए सुविधाजनक होनी चाहिए तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। डीसी ने बताया कि इस बार मंडी में आने वाले वाहनों का रिकार्ड रखने के लिए प्रवेश द्वार पर गेट पास के समय वाहन की फोटो ली जाएगी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से समय आधारित रिकॉर्डिंग भी की जाएगी। हरसेक से प्राप्त डाटा के आधार पर फसल का गिरदावरी से मिलान भी सुनिश्चित किया जा रहा है। मंडियों में जीओ फेंसिंग लागू की गई है। जिससे निर्धारित क्षेत्र के बाहर गेहूं की खरीद या गेट पास जारी नहीं किया जा सकेगा। यह व्यवस्था मंडी के बाहर बैठ कर गेट पास काटने की शिकायतों को रोकने के लिए की गई है।

पंजाब से लगती सीमाओं पर होगी निगरानी

डीसी मोहम्मद इमरान रजा ने बताया कि पंजाब से लगती सीमाओं पर भी निगरानी के लिए नाके लगाए जाएंगे ताकि बाहरी गेहूं की आवक पर नियंत्रण रखा जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे नियमित रूप से मंडियों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें। मंडी गेट पर सीसीटीवी के माध्यम से रीयल टाइम निगरानी एवं वाहन की फोटो। ढेरी की खरीद के समय बायोमीट्रिक से उपस्थिति दर्ज। मंडी क्षेत्र की जीओ.फेंसिंगए निर्धारित क्षेत्र के बाहर गेट पास नहीं। निकासी के समय गेट पास जारी।

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा