सिरसा: हेरोइन व अफीम सहित तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 15 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से तीन तस्करों को हेरोइन व अफीम सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार पकड़े गए आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी बसंत सिंह, राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी हरमीत सिंह व मोहित कुमार के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि सीआईए सिरसा पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान सिरसा शहर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान बरनाला रोड पर स्कूटी सवार युवक आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने जिले के गांव मल्लेकां क्षेत्र से बाइक सवार एक युवक राजस्थान के हनुमानगढ़ निवासी हरमीत सिंह को सात ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है। इसके अलावा सीआईए सिरसा पुलिस ने सौ ग्राम अफीम सहित आरोपी मोहित को गिरफ्तार किया है। सीआईए प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्त पर थी।

इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि बरनाला रोड बिजलीघर के निकट एक युवक हेरोइन बेचने की फिराक में है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सडक़ किनारे खड़े युवक से पूछताछ की और शक के आधार पर तलाशी ली तो उसके कब्जे से सौ ग्राम अफीम बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma