सिरसा: हेरोइन व लाखों रुपये की ड्रग मनी सहित तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 12 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए जिला क्षेत्र से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की हेरोइन व पांच लाख 60 हजार रुपये की ड्रग मनी सहित गिरफ्तार किया है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि पुलिस टीम गांव चौटाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक युवक को शक के आधार पर काबू कर तलाशी ली, तो उसके कब्जे से 20 ग्राम हेरोइन व पांच लाख 60 हजार रुपये की ड्रग मनी बरामद हुई। पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई।

इसके अलावा पुलिस की एक अन्य टीम ने गांव चौटाला क्षेत्र से दो नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद की है। सीआईए डबवाली प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की पहचान शीशपाल व राजेंद्र के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव चौटाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक व्यक्ति आता दिखाई दिया जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़ गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से छह ग्राम हेरोइन बरामद हुई।

आरोपी की पहचान शीशपाल के रूप में हुई। एक अन्य मामले में पुलिस ने राजेंद्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से साढ़े दस ग्राम हेरोइन बरामद की है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सदर थाना डबवाली में अभियोग दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। वहीं आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma