सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन सहित तीन नशा तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 04 अगस्त (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र में नशा तस्करों पर कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि हरियाणा स्टेट नार्कोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो डबवाली यूनिट टीम को गुप्त सूचना मिली कि गांव चौटाला निवासी शिवप्रकाश नशा बेचने का धंधा करता है और आज भी नशा बेचने की फिराक में है। पुलिस ने सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को गांव चौटाला क्षेत्र से 50 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार कर लिया।

इसके अलावा पुलिस ने जिले के गांव माखोसरानी क्षेत्र से एक बाइक सवार दो युवकों कपिल व अक्षय को दस ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान गांव माखोसरानी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान नहर पुल के पास बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस की गाड़ी को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगे। पुलिस ने शक के आधार पर उनका पीछा किया और उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई।

उधर, पुलिस ने गांव कगंनपुर क्षेत्र से एक युवक को 32 बोर के अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने बताया कि पुलिस टीम को गश्त के दौरान युवक पैदल आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रूकने का इशारा किया तो वह भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर आरोपी युवक के कब्जे से 32 बोर का अवैध पिस्तौल व एक जिंदा कारतूस बरामद हुए। पुलिस पूछताछ में आरोपी की पहचान सिरसा निवासी आकाश के रूप में हुई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma