सिरसा: लाखों की हेरोइन समेत तीन तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 26 जुलाई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए जिले क्षेत्र से तीन तस्करों को लाखों रुपये की हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा निवासी बिल्लू, सूर्यप्रकाश व गुरमीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से 70 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।

सीआईए ऐलनाबाद प्रभारी संदीप सिंह ने रविवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान सिरसा से गांव मंगाला की ओर जा रही थी। इसी दौरान गांव मंगाला के पास एक युवक पैदल आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने लगा। पुलिस ने उसका पीछा कर उसे काबू कर लिया। तलाशी लेने पर युवक के कब्जे से 64 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिल्लू के रूप में हुई है। इसके अलावा एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस टीम ने गांव रघुआना क्षेत्र से बाइक सवार दो युवकों सूर्यप्रकाश व गुरमीत सिंह को छह ग्राम हेरोइन सहित काबू किया है।

पुलिस टीम गांव रघुआना क्षेत्र में गश्त पर थी। इसी दौरान बाइक सवार दो युवक आते दिखाई दिए जो कि पुलिस टीम को देखकर वापस मुड़े गए। पुलिस ने शक के आधार पर उनका पीछा कर उन्हें दबोच लिया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के नाम पते मालूम कर उनके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma