सिरसा: चूरापोस्त की खेप पकड़ी, तीन तस्कर गिरफ्तार

 


सिरसा, 22 जून (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से चूरापोस्त की बड़ी खेप पकड़ी है। पुलिस के अनुसार बरामद चूरापोस्त की कीमत करीब साढ़े सात लाख रुपये आकी गई है। तीन नशा तस्करों को मौके से गिरफ्तार किया गया है। डबवाली की पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने सोमवार को बताया कि सीआईए डबवाली पुलिस काे सूचना मिली कि ओढां क्षेत्र में नशे की खेप पहुंचाई जा रही है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर तीन लोगों को 51 किलोग्राम चूरापोस्त सहित काबू कर लिया।

पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा जिले निवासी विक्रम, सुभाष व ओमप्रकाश के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान ओढां क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि विक्रम व सुभाष चूरापोस्त बेचने की फिराक में हैं। पुलिस ने कार सवार विक्रम व सुभाष काे चूरापोस्त सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि ओमप्रकाश को चूरापोस्त बेचने था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए खरीदार ओमप्रकाश को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के खिलाफ ओढां थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

इसके अलावा सिरसा पुलिस ने गश्त व चेकिंग के दौरान ढाणी लिंबा क्षेत्र से एक युवक को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान सुखबीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक जसलीन कौर ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों के खिलाफ लगातार की जा रही यह कार्रवाई जारी रहेगी और नशे के नेटवर्क को जड़ से समाप्त करने के लिए पुलिस पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma