सिरसा: लाखों रुपये की हेरोइन सहित तीन तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 15 जून (हि.स.)। पुलिस ने जिला क्षेत्र से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के कब्जे से लाखों रुपये की हेरोइन बरामद की गई है। सीआईए सिरसा प्रभारी ने सोमवार को बताया कि पुलिस टीम गश्त एवं चेकिंग के दौरान गांव सिकंदरपुर क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान एक कार सामने से आती दिखाई दी। पुलिस ने कार को रुकने का संकेत दिया तो चालक ने वापस मुडक़र भगाने का प्रयास किया। पुलिस ने उनका पीछा कर कार को रोक लिया।
तलाशी लेने पर कार से 25 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि पकड़े गए तस्करों की पहचान सिरसा निवासी राजकुमार, विरेंद्र जीत व मानसा पंजाब निवासी शुभम कुमार के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ सिविल लाइन थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
मेडिकल स्टोर पर छापा, नशीली गोलियों का जखीरा बरामद
डबवाली पुलिस व ड्रग विभाग ने गांव ओढां में एक मेडिकल स्टोर पर छापामार कर प्रतिबंधित नशीली गोलियों का जखीरा बरामद किया है। पुलिस की रेड की सूचना मिलने पर मेडिकल संचालक फरार हो गया। पुलिस ने नोटिस जारी कर मेडिकल स्टोर का लाइसेंस रद्द करने की अधिकारियों को सिफारिश भेजी है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि गुप्त सूचना मिली कि ओढां के एक मेडिकल पर नशे में प्रयोग होने वाली दवाइयां बेची जा रही हैं। जिस पर पुलिस ने ड्रग विभाग की टीम को साथ लेकर मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। जांच के दौरान मेडिकल से बड़ी संख्या में प्रतिबंधित नशीली दवाइयां बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि जांच के दौरान मेडिकल स्टोर पर कई अनियमितताएं पाई गई हैं, जिस पर संचालक को नोटिस जारी किया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma