सिरसा: पुलिस ने तीन नशा तस्करों को किया गिरफ्तार
सिरसा, 07 जून (हि.स.)। पुलिस ने जिले क्षेत्र से तीन नशा तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चूरापोस्त, अफीम व हेरोइन बरामद की है। पुलिस के अनुसार तस्करों की पहचान सिरसा निवासी रमेश कुमार, अरविंद व ऐलनाबाद निवासी रमेश के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने रविवार को बताया कि सीआईए ऐलनाबाद पुलिस नशा रोकथाम के लिए गांव बुढीमेडी क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान गांव की तरफ से एक बाइक सवार आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर भागने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर युवक को काबू तलाशी ली तो उसके कब्जे से तीन किलो 518 ग्राम चूरापोस्त बरामद हुआ। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान रमेश कुमार के रुप में हुई है। आरोपी के खिलाफ थाना ऐलनाबाद में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
इसके अलावा पुलिस ने गांव गोरीवाला क्षेत्र से एक युवक को सात ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान अरविंद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम नशा तस्करी की रोकथाम को लेकर गांव गोरीवाला क्षेत्र में मौजूद थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि एक युवक हेरोइन बेचने की फिराक में है। पुलिस ने मौके पर दबिश देकर बाइक सवार युवक को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई। आरोपी के खिलाफ सदर थाना डबवाली में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
सीआईए ऐलनाबाद पुलिस ने क्षेत्र से एक युवक को 353 ग्राम अफीम सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान रमेश कुमार निवासी ऐलनाबाद के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान ऐलनाबाद क्षेत्र मे मौजूद थी। पुलिस ने बाइक सवार एक युवक को तलाशी के लिए रोका। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से अफीम बरामद हुई। गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ ऐलनाबाद थाना में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma