सिरसा: तीन नशा तस्कर गिरफ्तार
सिरसा, 20 मई (हि.स.)। पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ शिकंजा कसते हुए जिले क्षेत्र से तीन तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चूरापोस्त, हेरोइन व अफीम बरामद की है। पुलिस प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि एंटी नारकोटिक्स सेल टीम ने गश्त के दौरान रामनगरिया क्षेत्र से एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो किलो चूरापोस्त बरामद किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान सिरसा निवासी पम्मा राम के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम शहर से रामनगरिया की तरफ जा रही थी।
इसी दौरान सामने से एक व्यक्ति प्लास्टिक का थैला लेकर आता दिखाई दिया जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने की कोशिश करने लगा। पुलिस ने शक के आधार पर उसे दबोच लिया और तलाशी लेने पर उसके कब्जे से चूरापोस्त बरामद हुआ।
इसके अलावा सीआईए सिरसा पुलिस बाइक सवार दो युवकों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे सात ग्राम हेरोइन बरामद की है। आरोपियों की पहचान सिरसा निवासी आकाश व गौरू के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त व चेकिंग के दौरान नजदीकी हैफड गोदाम सिरसा क्षेत्र में मौजूद थी। इस दौरान सामने से बाइक सवार दो युवक आते हुए दिखाई दिए जो कि पुलिस को देखकर वापस मुडक़र भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा कर दबोच लिया और तलाशी ली तो उनके कब्जे से हेरोइन बरामद हुई।
सीआईए ऐलनाबाद पुलिस टीम ने गऊशाला रोड रानियां क्षेत्र से बाइक सवार हरप्रीत को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 142 ग्राम अफीम पकड़ी है। उन्होंने बताया कि पुलिस टीम गश्त के दौरान गऊशाला मौहल्ला रानियां की तरफ जा रही थी। गऊशाला मौहल्ला रानियां के पास बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने शक के आधार पर उसे रोका और तलाशी ली तो उसके कब्जे से अफीम बरामद हुई। आरोपियों के खिलाफ संबंधित पुलिस थानों में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma