हिसार : सीआईए ने अवैध हथियारों के साथ तीन बदमाश पकड़े
हिसार, 11 मई (हि.स.)। सीआईए मिल गेट प्रभारी निरीक्षक पवन के नेतृत्व में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बरवाला-जींद रोड स्थित फ्लाईओवर के पास से तीन युवकों को अवैध हथियारों सहित काबू किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में बरवाला के वार्ड 8 निवासी वंश , अजय व सौरभ शामिल हैं। पुलिस प्रवक्ता ने साेमवार काे बताया कि पकड़े गए आरोपियों में वंश से 12 बोर का एक नाली बंदूक व दो जिंदा कारतूस, अजय से दो जिंदा कारतूस व सौरभ से तीन जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस पूछताछ व जांच में सामने आया है कि इन तीनों आरोपियों का पहले से ही आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। आरोपी सौरभ पर पूर्व में लड़ाई-झगड़े के तीन केस, आरोपी वंश पर लड़ाई-झगड़े के दो व आरोपी अजय पर लड़ाई-झगड़े का एक केस दर्ज है। पुलिस के अनुसार सीआईए टीम गश्त के दौरान दौलतपुर रोड बरवाला पर मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि बरवाला-जींद रोड फ्लाईओवर के पास तीन युवक अवैध हथियारों के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में बैठे हैं। पुलिस टीम ने तुरंत छापेमारी कर घेराबंदी की और तीनों को काबू कर लिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर