कैथल में पुलिया से टकराई कार, तीन चचेरे भाइयों की मौत, तीन गंभीर घायल
कैथल, 14 नवंबर (हि.स.)। कैथल में शनिवार अलसुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा पाई और सिसमौर गांव के बीच उस समय हुआ, जब छह युवक ऑल्टो कार में सवार होकर खेत से कैथल लौट रहे थे। रास्ते में नहर की पुलिया के पास कार अनियंत्रित होकर उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके पुर्जे दूर तक बिखर गए।
मृतकों की पहचान नवदीप (19), प्रदीप (27) और अजय (22) के रूप में हुई है। तीनों गांव करोड़ा के निवासी और आपस में चचेरे भाई थे। हादसे में साहिल, अर्जुन और कार चला रहा नरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में शाहिल की जांघ की हड्डी टूट गई, जबकि अर्जुन की रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर बताया जा रहा है। नरेंद्र के मुंह और बाजू में चोटें आई हैं। तीनों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।
परिजनों के अनुसार गांव करोड़ा के युवक परिवार के एक सदस्य के साथ खेत में धान की कटाई का काम पूरा करने के बाद रात करीब दो बजे कैथल में नरेंद्र के घर जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इसी दौरान सामने से आ रही एक गाड़ी की तेज रोशनी चालक नरेंद्र की आंखों में पड़ी। इससे वह सड़क पर नियंत्रण खो बैठा और तेज रफ्तार कार सीधे नहर की पुलिया से टकराकर पलट गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कार में फंसे युवकों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक तीनों युवकों की मौत हो चुकी थी। इस हादसे ने तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। मृतक प्रदीप की शादी करीब सात साल पहले हुई थी। उसके एक बेटा और एक बेटी हैं। वहीं नवदीप और अजय अभी अविवाहित थे। एक ही परिवार के तीन चचेरे भाइयों की मौत से गांव करोड़ा में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाए
तितरम थाना प्रभारी वेदपाल ने बताया कि हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। तीनों मृतकों के शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाए गए हैं। पुलिस परिजनों के बयान दर्ज करेगी। उनके बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे