पांच करोड़ की रंगदारी मामले में भाजपा नेता ने विधायक व भाई के खिलाफ दी शिकायत

 


नूंह, 26 नवंबर (हि.स.)। भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य जाहिद हुसैन से लॉरेंस बिश्नोई और गोदारा गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में नया मोड़ आ गया है। भाजपा नेता जाहिद हुसैन ने नूंह विधायक आफताब अहमद और उनके छोटे भाई मेहताब अहमद के खिलाफ नूंह सिटी थाने में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

जाहिद हुसैन ने आरोप लगाया है कि रंगदारी मामले में सामने आए चौथे व्यक्ति को बचाने के लिए विधायक आफताब अहमद प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने उक्त व्यक्ति को इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड भी बताया है। हालांकि, विधायक और उनके भाई पर लगाए गए आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।

भाजपा नेता जाहिद हुसैन ने बताया कि पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में उत्तर प्रदेश के इटावा निवासी एक व्यक्ति ने उन्हें फोन पर धमकी दी थी। उनके अनुसार, धमकी दिलवाने में बाई गांव के एक व्यक्ति की भूमिका है, जबकि इस मामले का मुख्य आरोपी पश्चिम बंगाल का बताया जा रहा है। पुलिस अब तक इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। वहीं, गिरफ्तार आरोपी मुकीम ने पूछताछ के दौरान आबिद, रहीश, शकील और वसीम के नाम बताए हैं। जाहिद हुसैन का आरोप है कि मामले में चौथे व्यक्ति का नाम सामने आने के बाद विधायक आफताब अहमद उसे बचाने के प्रयास में जुट गए हैं। उन्होंने दावा किया कि जिस व्यक्ति को बचाने की कोशिश की जा रही है, वही इस पूरे प्रकरण का मास्टरमाइंड है।

भाजपा नेता के मुताबिक, दो दिन पहले दीहाना गांव में एक शादी समारोह के दौरान कांग्रेस विधायक आफताब अहमद से उनकी मुलाकात हुई थी। इस दौरान विधायक ने उनसे सवाल किया कि रंगदारी मामले में उनका नाम क्यों लिया जा रहा है। इस पर जाहिद हुसैन ने जवाब दिया कि आरोपियों को बचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उन्हें इस मामले में विधायक की भूमिका पर संदेह हो रहा है।

गौरतलब है कि 27 सितंबर को भाजपा नेता जाहिद हुसैन को लॉरेंस बिश्नोई और गोदारा गैंग के नाम पर पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने के लिए फोन पर धमकी दी गई थी। इसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। मामले में पुलिस की ओर से अब तक तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की जा चुकी है। अब विधायक और उनके भाई के खिलाफ दी गई शिकायत के बाद इस प्रकरण में नया विवाद खड़ा हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया