हिसार : हत्या कर शव खुर्द-बुर्द करने वाले तीन गिरफ्तार, नहर में मिला था लापता जतिन का शव
गले में फ्रैक्चर मिलने के बाद हत्या की दिशा में बढ़ी जांच
हिसार, 27 सितंबर (हि.स.)। पुलिस ने लापता युवक जतिन की हत्या कर शव खुर्द-बुर्द
करने के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए बरवाला
और थाना एचटीएम की संयुक्त टीम ने साइबर सेल की मदद तथा तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर
आरोपियों तक पहुंच बनाई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जींद जिले के जीतगढ़ गांव निवासी
अश्वनी तथा हांसी जिले के उगालन निवासी लक्ष्य व रोहित के रूप में हुई है। पुलिस मामले
में संलिप्त अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
एचटीएम थाना प्रभारी ने रविवार काे बताया कि 14 सितंबर को हिसार के मिल गेट निवासी चंद्र
मोहन ने अपने पुत्र जतिन के घर से लापता होने की शिकायत दी थी। शिकायत के आधार पर मामला
दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान 16 सितंबर को लापता जतिन का शव डाटा-गुराना
माइनर से बरामद हुआ। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया। पोस्टमार्टम के दौरान गले
में फ्रैक्चर पाए जाने के बाद मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ और पुलिस ने हत्या के संभावित
पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई। इसके बाद सीआईए बरवाला और थाना एचटीएम
की संयुक्त टीम ने साइबर सेल की सहायता से तकनीकी साक्ष्यों, विभिन्न स्रोतों और गहन
जांच के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा।
रिमांड के दौरान हत्या के कारण, वारदात में इस्तेमाल साधनों तथा शव को खुर्द-बुर्द
करने में शामिल अन्य लोगों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस का कहना है कि जांच
के दौरान यदि किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर