सोनीपत में नकली नोटों की सप्लाई करते तीन गिरफ्तार

 


-सोनीपत

के गांव ठरू निवासी साहिल खर्ब आरओ की आड़ में नकली करेंसी का काम करते पकड़े

सोनीपत, 03 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली

पुलिस ने नकली भारतीय करेंसी नोटों की सप्लाई और उन्हें बाजार में चलाने के आरोप में

तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इनमें सोनीपत के गांव ठरू निवासी साहिल खर्ब (28),

राजस्थान के बाड़मेर निवासी गोसाई राम (22) और जयपुर निवासी पुष्कर राज पुरबिया (56)

शामिल हैं। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 500 रुपये के कुल 1,476 नकली नोट बरामद किए,

जिनकी कीमत 7 लाख 38 हजार 500 रुपये है। इसके अलावा तीन मोबाइल फोन और दो बैग भी कब्जे

में लिए गए।

पुलिस

के अनुसार, 30 सितंबर को सूचना मिली थी कि साहिल खर्ब और गोसाई राम नकली नोट लेकर जापानी

पार्क के पास पुष्कर राज को देने आएंगे। डीआईयू रोहिणी की टीम ने निगरानी शुरू की।

रात पुष्कर राज को सड़क किनारे पेड़ के नीचे इंतजार करते देखा गया। साहिल और गोसाई

राम वहां पहुंचे। पुलिस के मुताबिक, गोसाई राम ने काले बैग से पैकेट निकालकर पुष्कर

राज को दिए, जिसके बाद टीम ने तीनों को पकड़ लिया।

पुष्कर

राज के पास से 500 रुपये के 201 नोट, गोसाई राम के बैग से 575 और साहिल के बैग से

700 नोट बरामद हुए। पुलिस ने सभी नोटों को गिनकर अलग-अलग गड्डियों में पैक कर सील किया।

क्राइम टीम रोहिणी और एफएसएल की टीम ने मौके का निरीक्षण भी किया। पुलिस ने बताया कि

पूछताछ में साहिल और गोसाई राम ने पुष्कर राज को पहले भी नकली नोट देने की बात कबूल

की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी नकली नोट स्थानीय और साप्ताहिक बाजारों में चलाने की

कोशिश कर रहे थे। अधिक पैसा कमाने के लिए हवाला कारोबारियों से संपर्क करने की बात

भी सामने आई है।

पुलिस

ने सोनीपत में साहिल के घर पर छापेमारी की, जहां घर के सामने खर्ब एंटरप्राइजेज वाटर

सॉल्यूशन के नाम से थोक और खुदरा आरओ कारोबार का बोर्ड लगा था। पुलिस के अनुसार, घर

में नकली नोट छापने की मशीन और अन्य सामग्री मिली। थाना

प्रशांत विहार में मामला दर्ज किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना