हिसार : डेयरी में घुसकर कर्मचारी के सिर पर किया वार, वाहनों में तोड़फोड़ करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
महाबीर कॉलोनी में तलवार, गंडासा और लोहे की रॉड लेकर पहुंचे थे आरोपी
चौकी 12 क्वार्टर पुलिस ने मोटरसाइकिल और हथियार किए बरामद
हिसार, 25 नवंबर (हि.स.)। महाबीर कॉलोनी स्थित गणेश वाटिका में भैंसों की डेयरी
में घुसकर कर्मचारी से मारपीट करने और वाहनों में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस
ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने विरोध करने पर कर्मचारी के सिर पर
रॉड से हमला कर उसे घायल कर दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल
मोटरसाइकिल, एक गंडासा और तलवार बरामद की है। मामले में आर्म्स एक्ट की धाराएं भी जोड़ी
गई हैं।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिब्बा दानाशेर निवासी मंजीत, साहिल और नितिन के
रूप में हुई है। पुरानी महाबीर कॉलोनी निवासी मोनू सैनी ने पुलिस को दी शिकायत में
बताया कि वह गणेश वाटिका स्थित भैंसों की डेयरी में काम करता है। गत शाम करीब साढ़े
पांच से छह बजे के बीच वह डेयरी में काम कर रहा था। इसी दौरान बाहर शोर-शराबा और तोड़फोड़
की आवाज सुनकर वह बाहर आया तो देखा कि तीन युवक तलवार, गंडासा और रॉड लेकर वहां खड़े
वाहनों तथा बिल्डिंग मैटेरियल के कार्यालय में तोड़फोड़ कर रहे थे।
शिकायत के अनुसार आरोपियों ने वहां खड़ी स्विफ्ट और ब्रेजा कार, मोटरसाइकिल
तथा इलेक्ट्रिक स्कूटी को क्षतिग्रस्त कर दिया। मोनू ने जब उन्हें रोकने का प्रयास
किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वह डेयरी के अंदर
चला गया, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए अंदर घुस आए और उसके सिर पर रॉड से वार कर दिया।
इसके बाद उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर डेयरी मालिक मनोज मौके पर पहुंचे
तो आरोपी हथियारों सहित मोटरसाइकिल पर सवार होकर फरार हो गए।
घायल की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर एचटीएम थाना में विभिन्न धाराओं
के तहत मामला दर्ज किया गया था। चौकी 12 क्वार्टर के इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक राकेश
और सहायक उप निरीक्षक चंद्रभान की टीम ने बुधवार काे कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार
कर लिया। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, गंडासा और तलवार
बरामद की है। हथियारों की बरामदगी के आधार पर मामले में आर्म्स एक्ट की धारा भी जोड़ी
गई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर