पानीपत: एसबीआई के चीफ मैनेजर से लूट व हत्या के तीन आरोपी मुठभेड़ के बाद काबू

 


पानीपत, 11 जून (हि.स.)।

पानीपत पुलिस ने एसबीआई के चीफ मैनेजर से लूट और हत्या के तीन आरोपियों को मुठभेड़ के बाद काबू किया।

दो आरोपियों डाबर कॉलोनी निवासी सचिन व सुभाष नगर निवासी नवीन को बुधवार रात को पानीपत नेशनल हाईवे पर जालपाड़ के खेतों में मुठभेड़ के बाद काबू किया। इससे पहले डाबर कॉलोनी से आरोपी शरद निवासी सुलतानपुरी दिल्ली को गिरफ्तार किया था।

गुरुवार को पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह ने प्रेसवार्ता में बताया कि एक जून की रात सेक्टर-25 में मित्तल मॉल के पीछे हिसार से लौट रहे एसबीआई हिसार की रिजनल शाखा के चीफ मैनेजर हर्षद कुमार को मोटरसाइकिल सवार तीन युवकों ने डेढ़ तोले सोने की चेन, चांदी का ब्रेसलेट, पर्स व मोबाइल लूट लिया था। सिर में कान के पास नुकीली चीज (पेंचकस, सुआ) से वार कर मौके से भाग गए थे।

घायल हर्षद की 5 जून को दिल्ली राजेंद्र नगर स्थित मैक्स हॉस्पिटल में मौत हो गई थी। हर्षद की पत्नी किरण की शिकायत पर थाना चांदनी बाग में अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ जुटी थी।

पुलिस ने बुधवार को डाबर कॉलोनी से सुलतानपुरी दिल्ली निवासी आरोपी शरद को गिरफ्तार किया। आरोपी ने पूछताछ में अपने साथी आरोपी डाबर कॉलोनी निवासी सचिन व सुभाष नगर निवासी नवीन के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।

पुलिस टीम को बुधवार रात को सूचना मिली की दोनों आरोपी पानीपत खटीमा नेशनल हाईवे पर जालपाड़ के खेतों में बैठकर किसी वारदात को अंजाम देने कि फिराक में है। पुलिस टीम ने मौके पर दबिश देकर घेराबंदी की। आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने बचाव करते हुए आरोपियों के पैरो की तरफ फायर कर दोनों आरोपियों को मौके पर ही काबू किया। दोनों आरोपियों के पेर में एक एक गोली लगी। जिनकों इलाज के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

मौके पर दोनों आरोपी के कब्जे से दो देसी पिस्तौल व दो जिंदा कारतूस बरामद हुए है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों से प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ गिरोह का मास्टर माइंड आरोपी सचिन है। एक जून की देर रात तीनों आरोपी राहगिरों से लूटपाट करने के लिए एक बाइक पर सवार होकर घूमते हुए सेक्टर 25 में पहुंचे पाइट स्कूल के पास वाली सड़क पर पहुंचे। वहां आरोपियों ने सड़क पर पैदल जा रहे हर्षद के सिर पर नुकीली चीज से वार किया और उससे चेन, मोबाइल फोन, पर्स, ब्रेसलेट लूटकर फरार हो गए थे।

पुलिस ने आरोपी शरद के कब्जे से लूटा गया ब्रेसलेट बरामद कर गुरुवार को पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपी से गहनता से पूछताछ करने के साथ ही वारदात में प्रयुक्त बाइब बरामद करने का प्रयास करेगी। दो आरोपी सचिन व नवीन सिविल अस्पताल में उपचाराधीन है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा