हिसार : दीवार में सेंध लगाकर शराब ठेके में घुसे चोर, 35 हजार कैश और 50 हजार की शराब चोरी
बाड्डो पट्टी के कोहली वाइंस में सुबह 5 बजे वारदात,
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई चोरों की करतूत
हिसार, 09 नवंबर (हि.स.)। जिले के गांव बाड्डो
पट्टी स्थित कोहली वाइंस शराब ठेके को सोमवार सुबह चोरों ने निशाना बना लिया। बेखौफ
चोर दीवार में सेंध लगाकर ठेके के अंदर दाखिल हुए और चंद मिनटों में 35 हजार रुपये
की नकदी व करीब 50 हजार रुपये कीमत की महंगी शराब चोरी कर फरार हो गए। चोरी हुए सामान
की कुल कीमत करीब 85 हजार रुपये आंकी गई है। वारदात ठेके में लगे सीसीटीवी कैमरों में
कैद हो गई है।
सुबह ठेका खोलने पहुंचे कर्मचारियों ने अंदर सामान
बिखरा देखा तो चोरी का पता चला। जांच में सामने आया कि चोर दीवार तोड़कर अंदर घुसे
थे। इसके बाद उन्होंने गल्ले में रखी नकदी और शराब की बोतलों पर हाथ साफ कर दिया। ठेका
संचालक ओमप्रकाश कोहली ने बताया कि चोर दीवार तोड़कर ठेके के अंदर दाखिल हुए थे। वे
गल्ले में रखे 35 हजार रुपये और करीब 50 हजार रुपये कीमत की शराब की बोतलें चोरी कर
ले गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस सीसीटीवी
फुटेज कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर