जींद : साइबर धोखाधड़ी करने का आरोपित गिरफ्तार

 


जींद, 17 जून (हि.स.)। विदेश में रह रहा जानकार बता साढ़े तीन लाख रुपये का चूना लगाने के आरोपित को साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

थाना साइबर क्राइम जींद के प्रभारी उप निरीक्षक जगदीप सिंह ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि गांव सिवाना निवासी राजकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके फोन पर एक व्हाट्सअप कॉल आई । जिसमें कॉल करने वाले व्यक्ति ने स्वयं को उसका भांजा विनोद बताया। जो पिछले कई वर्षों से न्यूजीलैंड में रहकर नौकरी कर रहा है। आरोपित ने रिश्तेदारी का भरोसा जीतते हुए शिकायतकर्ता को विश्वास दिलाया कि उसने उसके बैंक खाते में तीन लाख 50 हजार रुपये भेज दिए हैं तथा उसे रोहतक में प्लाट खरीदना है। कुछ समय बाद उसने दोबारा संपर्क कर उसको बताया कि उसके द्वारा भेजी गई राशि कथित रूप से फ्रॉड का पैसा है, जिसके कारण उसे विदेश में पुलिस ने पकड़ लिया है। आरोपित ने उस पर दबाव बनाते हुए उस राशि को तत्काल वापस भेजने के लिए कहा।

शिकायतकर्ता तकनीकी जानकारी एवं ऑनलाइन बैंकिंग से अनभिज्ञ होने के कारण आरोपी की बातों में आ गया और अपने परिचितों के माध्यम से विभिन्न बैंक खातों व क्यूआर कोड पर अलग-अलग किश्तों में कुल तीन लाख 50 हजार रुपये ट्रांसफर करवा दिए। बाद में जब आरोपित लगातार और अधिक पैसे की मांग करने लगा तो उसे संदेह हुआ। बैंक में जानकारी लेने पर उसे पता चला कि उसके खाते में किसी प्रकार की कोई राशि प्राप्त ही नहीं हुई थी। इसके बाद अपने वास्तविक भांजे से संपर्क करने पर उसे साइबर धोखाधड़ी का शिकार होने का पता चला।

शिकायत के आधार पर थाना साइबर क्राइम ने दो मई को अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने जांच को आगे बढ़ाया तो गांव जंड मंगौली पटियाला (पंजाब) निवासी मनदीप का नाम सामने आया। जिस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित निशानदेही पर 10 हजार रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपित से पूछताछ कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा