जींद : क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी का आरोपित गिरफ्तार
जींद, 10 अक्टूबर (हि.स.)। आर्थिक अपराध शाखा जींद तथा थाना शहर जींद पुलिस की संयुक्त टीम ने क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर लोगों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से दो लाख रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है।
आर्थिक अपराध शाखा जींद के अनुसंधान अधिकारी उपनिरीक्षक जयवीर सिंह ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि संत नगर निवासी सुरेंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बुल रन वे नामक कंपनी के संचालकों एवं उनके सहयोगियों ने क्रिप्टो ट्रेडिंग में निवेश करवाने के नाम पर लोगों को अधिक मुनाफा देने का लालच दिया और उनकी निवेश की गई राशि वापस नहीं लौटाई। उसने बताया कि कंपनी से जुड़े व्यक्तियों ने लोगों को विश्वास दिलाया था कि उनके द्वारा निवेश की गई राशि पर प्रतिदिन एक प्रतिशत तक ब्याज दिया जाएगा तथा निर्धारित अवधि में उनकी रकम दोगुनी हो जाएगी।
निवेशकों को आकर्षित करने के लिए कंपनी की योजनाओं का प्रचार किया गया था और बैठकों एवं सेमिनारों के माध्यम से लोगों को निवेश करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। जिसमें सुरेंद्र कुमार, राजेंद्र, सतनाम सिंह, सुल्तान सिंह, सत्यपाल तथा सरोज बाला के काफी रुपये निवेश के नाम पर लिए गए थे। इसके बाद निवेश की मूल राशि वापस नहीं मिलने पर पीडि़तों को धोखाधड़ी का संदेह हुआ। जिसकी शिकायत के आधार पर आर्थिक अपराध शाखा जींद व थाना शहर जींद की संयुक्त टीम का गठन किया गया था। मामले की जांच के दौरान संबंधित बैंक खातों के रिकार्ड एवं अन्य दस्तावेजों की जांच की।
बैंक खातों की जांच में सामने आये तथ्यों के आधार पर संगरूर (पंजाब) निवासी बूटा सिंह व बरनाला (पंजाब) निवासी गुरमीत सिंह को नियमानुसार गिरफ्तार करके प्रत्येक से एक-एक लाख रुपये बरामद किए गए हैं। दोनों आरोपितों को माननीय अदालत में पेश कर आगामी कार्रवाई नियम अनुसार अमल में लाई जा रही है। पुलिस प्रवक्ता राजेश कुमार ने कहा कि जींद पुलिस आमजन से अपील करती है कि किसी भी अवैध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते उचित कार्रवाई नियम अनुसार अमल में लाई जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा