हिसार : ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट में जांच अधिकारी बदलने के निर्देश
जन परिवाद समिति में कैबिनेट मंत्री का कड़ा रुख,
15 में से 10 शिकायतों का मौके पर निपटारा
हिसार, 25 अगस्त (हि.स.)। जिला लोक संपर्क एवं जन परिवाद
समिति की बैठक में मंगलवार को कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद कुमार शर्मा ने शिकायतों की
सुनवाई के दौरान अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट में कथित
अनियमितताओं के मामले में मंत्री ने पुलिस अधीक्षक को ठोस कार्रवाई करने और जांच अधिकारी
बदलने के निर्देश दिए हैं।
वहीं हरिनगर में यथास्थिति के आदेश के बावजूद निर्माण जारी रहने
की शिकायत पर संबंधित थाना एसएचओ की भूमिका की जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर
उसे निलंबित करने के निर्देश दिए। ऐरन गोल्ड सुक प्रोजेक्ट में कथित अनियमितताओं
की शिकायत पर सुनवाई करते हुए कैबिनेट मंत्री ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस
अधीक्षक को प्रभावी कार्रवाई करने की हिदायत दी। उन्होंने जांच अधिकारी बदलने के निर्देश
देते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और गंभीरता से जांच की जाए। मंत्री ने स्पष्ट किया
कि शिकायतों के निपटारे में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हरिनगर निवासी सूरजभान और राकेश की नगर निगम रिकॉर्ड
में गलत तरीके से संपत्ति आईडी जारी करने और उसके आधार पर संपत्ति पर कब्जा करने के
प्रयास की शिकायत पर भी मंत्री ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि एसडीएम पहले ही
यथास्थिति बनाए रखने के आदेश जारी कर चुके थे, इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी रहना
गंभीर मामला है। शिकायत में संबंधित थाना एसएचओ की मौजूदगी में निर्माण जारी रहने के
आरोपों को गंभीरता से लेते हुए उन्होंने जांच के आदेश दिए और कहा कि यदि जांच में एसएचओ
की मौजूदगी में निर्माण कार्य जारी रखना पाया जाता है तो उसे निलंबित किया जाए। साथ
ही निर्माण कार्य तत्काल रोकने के निर्देश दिए।
मिलगेट के टिब्बा दानाशेर निवासी रेखा की प्रधानमंत्री
आवास योजना के तहत सेक्टर-24 में आवंटित फ्लैट से संबंधित शिकायत पर संपदा प्रबंधक
ने बताया कि मुख्यालय से आगामी दो-तीन दिनों में निर्णय आने की संभावना है। बधावड़
निवासी ओमप्रकाश की कृषि भूमि के सिंचाई खाल के बंद होने की शिकायत पर बताया गया कि
मामला तहसील कोर्ट में लंबित है। मंत्री ने इसे फास्ट ट्रैक पर लेकर जल्द समाधान कराने
के निर्देश दिए। किनाला निवासी रमेश की अकेले सदस्य के रूप में राशन कार्ड बनवाने की
शिकायत पर अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश स्तर पर जल्द नीतिगत निर्णय लिया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर