हिसार : अनिल रेडू हत्याकांड की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो होगा आंदोलन : कृष्ण जमालपुर
न्याय की मांग पर
बसपा ने किया प्रदर्शन, पुलिस पर लगाए आरोप
हिसार, 01 जून
(हि.स.)। तलवंडी बादशाहपुर निवासी अनिल रेडू को न्याय दिलाने की मांग पर बहुजन समाज
पार्टी की ओर से सोमवार को पैदल मार्च कर रोष प्रदर्शन किया गया। क्रांतिमान पार्क से लघु सचिवालय
तक निकाले गए इस रोष मार्च में बसपा पदाधिकारियों कार्यकर्ताओं, युवाओं, महिलाओं तथा
समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने शामिल होकर न्याय की मांग की। इसके उपरांत महामहिम
राज्यपाल के नाम एडीसी को ज्ञापन सौंपा गया।
मार्च को संबोधित
करते हुए बसपा के प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण जमालपुर ने कहा कि अनिल रेडू हत्याकांड केवल
एक परिवार की लड़ाई नहीं बल्कि न्याय कानून और संविधान की रक्षा की लड़ाई है। उन्होंने
आरोप लगाया कि पूरे मामले में सच्चाई को दबाने और दोषियों को बचाने का प्रयास किया
गया है जिससे आम जनता में भारी रोष व्याप्त है। उन्होंने कहा कि यदि अनिल रेडू हत्याकांड की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार
नहीं किया गया तो बहुजन समाज पार्टी प्रदेशभर में व्यापक जनआंदोलन शुरू करेगी।
बसपा के प्रदेश
प्रभारी महेंद्र सिंह धानिया ने कहा कि हरियाणा में कानून-व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक
बनी हुई है।
आम नागरिक खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है और न्याय पाने के लिए सड़कों
पर उतरने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार और प्रशासन ने अनिल रेडू मामले में
निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो जनता का विश्वास पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। ज्ञापन के माध्यम से बसपा ने अनिल रेडू
हत्याकांड की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी मामले में
लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई पीड़ित परिवार को सुरक्षा एवं आर्थिक
सहायता तथा पूरे मामले की न्यायिक निगरानी में जांच कराने की मांग की।
प्रदर्शन बीएसपी
के वरिष्ठ नेतागण राम सिंह प्रजापति, महेंद्र सिंह जाजोरिया, जगदीश चंद्र, प्रेमचंद
राठी, सामाजिक कार्यकर्ता एडवोकेट बजरंग इंदल, बहुजन नेता प्रदीप भानखड़, जिलाध्यक्ष
रविंद्र चौहान, जिला प्रवक्ता पवन बलराज सातरोड़, बलबीर मुंडे, हंसराज नियाना, जितेंद्र
मोटा, मनीष टोंडवाल, संदीप मिर्जापुर, विकास सातरोड़, रामपाल बौद्ध, रामकिशन गुरेरा,
मनोज, संदीप, सुशील, सतवीर, कृष्ण सैनीपुरा, रामदिया, रविंद्र रंग, मलकीत सिंह व कुलदीप
सातरोड़ सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर