जींद : युवक की हत्या के आरोप में बड़े भाई व साले के खिलाफ मामला दर्ज
जींद, 20 मई (हि.स.)। अलेवा खंड के गांव संडील में मंगलवार को बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की हत्या के मामले में अलेवा थाना पुलिस ने मृतक के भाई व साले के खिलाफ मामला दर्ज किया है। नागरिक अस्पताल में बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया गया। वारदात को अंजाम देकर हत्यारे फरार हैं। पुलिस टीमें आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर उनके संबंधित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
गांव संडील निवासी महेंद्र ने अलेवा थाना पुलिस को दी शिकायत में पुलिस को दी शिकायत में कहा कि वह चार भाई हैं। सबसे बड़ा रामफल, उससे छोटा व खुद व उससे छोटा सत्यवान है। जबकि सबसे छोटा खुशीराम था। चारों भाइयों के बीच जमीन को लेकर बंटवारा हुआ था।
मंगलवार को गांव के मौजिज लोगों ने उनकी जमीन का बंटवारा करवा दिया था। उनका भाई सत्यवान जमीन को बेचना चाहता था। खुशीराम उसको जमीन बेचने से मना कर रहा था। मंगलवार को भी सत्यवान ने झगड़ा किया। सत्यवान की पत्नी अपने मायके गई थी। उन्होंने फोन करके सत्यवान की पत्नी को झगड़े के बारे में बताया। मंगलवार दोपहर बाद चार बजे के आसपास सत्यवान का साला गढ़ी निवासी कुलदीप सत्यवान के पास आया।
कुछ देर बाद जब उसका भाई खुशीराम गली से गुजर रहा था तो सत्यवान ने उस पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। जिसमें उसका भाई खुशीराम गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल लाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अलेवा थाना प्रभारी आत्माराम ने बताया कि महेंद्र की शिकायत पर पुलिस ने सत्यवान व उसके साले कुलदीप के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। जल्द ही आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा