हिसार : अवैध फाइनेंसरों के खिलाफ चले कार्रवाई का अभियान: वजीर सिंह पूनिया
ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज देकर दबाव और कथित जबरन वसूली के आरोपों
की हो निष्पक्ष जांच
हिसार, 10 अगस्त (हि.स.)। हिसार शहर और जिले में कथित रूप से चल रहे अवैध फाइनेंस
कारोबार को लेकर कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है। वरिष्ठ
कांग्रेस नेता वजीर सिंह पूनिया ने
साेमवार काे जारी बयान में कहा कि आर्थिक मजबूरी में कर्ज लेने वाले गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों का कथित रूप
से शोषण करने वाले फाइनेंसरों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
वजीर सिंह पूनिया ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति बिना वैध अनुमति या नियम-कानून
के लोगों को ऊंची ब्याज दरों पर कर्ज दे रहा है और रकम की वसूली के लिए दबाव, धमकी
अथवा जबरन वसूली जैसे हथकंडे अपनाए जा रहे हैं तो पुलिस प्रशासन को ऐसे मामलों को गंभीरता
से लेते हुए तत्काल जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी से जूझ रहे लोग अक्सर
इलाज, बच्चों की पढ़ाई, कारोबार या अन्य जरूरी जरूरतों के लिए कर्ज लेने को मजबूर हो
जाते हैं। ऐसे में यदि कोई उनकी मजबूरी का फायदा उठाकर मनमाना ब्याज वसूलता है और लगातार
दबाव बनाता है तो इससे पूरा परिवार आर्थिक और मानसिक संकट में फंस सकता है। पूनिया ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि हिसार शहर और जिले में संचालित फाइनेंस
कारोबार की व्यापक जांच करवाई जाए। जांच के दौरान संबंधित कारोबार की वैधता, लाइसेंस,
ब्याज दरों, कर्ज देने की प्रक्रिया, वसूली के तरीकों और उनके खिलाफ मिली शिकायतों
की पड़ताल की जाए।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर