सोनीपत: ऋषिका काउंटी में निर्माणाधीन एससीओ से लाखों रुपये की चोरी
सोनीपत, 21 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत
जिले के बहालगढ़ थाना क्षेत्र स्थित ऋषिका काउंटी में निर्माणाधीन एससीओ से लाखों रुपये
की चोरी का मामला सामने आया है। अज्ञात चोरों ने रात के अंधेरे में निर्माणाधीन परिसर
को निशाना बनाते हुए बिजली की केबल, प्लंबिंग सामग्री और अन्य निर्माण उपकरण चोरी कर
लिए। पीड़ित ने चोरी से करीब 8 से 10 लाख रुपये के नुकसान का दावा किया है। पुलिस ने
मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता
समुंदर सिंह, निवासी गांव गढ़ी बख्तावरपुर, ने पुलिस को बताया कि ऋषिका काउंटी में
उनके एससीओ नंबर 3, 4, 5 और 6 का निर्माण कार्य चल रहा है। 19 और 20 जुलाई की रात चोर
पीछे की खिड़की तोड़कर अंदर घुसे और स्टोर का ताला तोड़कर वहां रखा कीमती सामान चोरी
कर ले गए। इसके अलावा इमारत की छत पर पहले से बिछाई गई बिजली की केबल भी काटकर अपने
साथ ले गए। पीड़ित के अनुसार चोरी हुई बिजली की तारों और केबल की कीमत लगभग 7 से 8
लाख रुपये है, जबकि प्लंबिंग सामग्री, बाथरूम फिटिंग और अन्य निर्माण सामग्री की कीमत
लगभग दो लाख रुपये आंकी गई है।
शिकायतकर्ता
का कहना है कि ऋषिका काउंटी की सुरक्षा और रखरखाव की जिम्मेदारी संबंधित कंपनी के पास
है। मुख्य द्वार पर सुरक्षा गार्ड तैनात थे, लेकिन जिस निर्माणाधीन परिसर में चोरी
हुई वहां कोई सुरक्षा कर्मी मौजूद नहीं था। कंपनी अधिकारियों ने भी इस क्षेत्र को अपनी
सुरक्षा सीमा से बाहर बताते हुए जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया।
पीड़ित
ने पुलिस से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने, चोरी गया सामान
बरामद करने और दोषियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। बहालगढ़ थाना पुलिस ने
भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर घटनास्थल का निरीक्षण
किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों
तक पहुंचने का प्रयास किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना