पानीपत: परिवार के सदस्य सोते रहे और चोरों ने जेवर व सामान चुराया
पानीपत, 26 जून (हि.स.)। पानीपत के गांव जालपाड़ में चोरों ने एक घर के भीतर सो रहे 11 सदस्यों की मौजूदगी में घर से लाखाें के जेवर तथा मोबाइल फोन व मंदिर से मूर्ति चोरी कर ली। चोरी की यह घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हो गई। पीड़ित परिवार के सदस्य विकास ने बताया कि वह पेशे से खेतीबाड़ी करता है। 25 जून की रात को वह और उसके परिवार के अन्य सदस्य रोजाना की तरह गर्मी के कारण घर के आंगन और छत पर सोए हुए थे। वारदात के वक्त घर में छोटे-बड़े मिलाकर कुल 11 सदस्य मौजूद थे और गहरी नींद में सोए थे। चोरों ने गहरी नींद का फायदा उठाया और दबे पांव घर के भीतर दाखिल हो गए। शुक्रवार की सुबह जब परिवार के सदस्य सोकर उठे, तो उन्हें घर के कमरों का सामान पूरी तरह बिखरा हुआ मिला। सामान अस्त-व्यस्त देख परिवार के होश उड़ गए और उन्होंने तुरंत कीमती सामान की जांच की।
विकास ने बताया कि जब उन्होंने अंदर जाकर अलमारी और लॉकर चेक किया तो कमरे के भीतर रखे सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। चोरों ने घर में रखे दो कीमती मोबाइल फोन भी चुरा लिए। चोरों ने घर के मंदिर को भी नहीं बख्शा और वहां रखी कान्हा जी की मूर्ति भी अपने साथ चुरा ले गए। विकास के अनुसार, चोरों ने करीब 2 लाख रुपए के सामान पर हाथ साफ किया है। वारदात के बाद जब पीडित परिवार और आसपास के लोगों ने क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों को चेक किया, तो उसमें दो संदिग्ध चोर नजर आए। फुटेज में साफ दिख रहा है कि एक बाइक पर सवार होकर दो चोर गली में आते हैं। इनमें से एक चोर बाइक स्टार्ट रखकर बाहर ही निगरानी के लिए खड़ा रहता है, जबकि दूसरा चोर दीवार फांदकर या दरवाजे के रास्ते घर के भीतर घुसता है और चंद मिनटों में चोरी कर बाहर आ जाता है। शुक्रवार को पुलिस ने चोरी का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेजो में कैद चोरों की पहचान शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा