कैथल: पुलिस मुठभेड़ के बाद चोरी का वांछित आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली
कैथल, 07 अगस्त (हि.स.)। पूंडरी और बाता क्षेत्र में चोरी की कई वारदातों में वांछित एक आरोपी को शुक्रवार तड़के सीआईए कलायत की टीम ने पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी, जिसके जवाब में पुलिस की नियंत्रित कार्रवाई में उसके बाएं पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को जिला नागरिक अस्पताल कैथल में भर्ती कराया गया है।
डीएसपी सुशील प्रकाश ने बताया कि सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम रात के समय क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि टोहाना निवासी राहुल, जो पूंडरी और बाता क्षेत्र में हुई चोरी की कई घटनाओं में वांछित है, अवैध पिस्टल के साथ बाता-चोशाला रोड पर मौजूद है। सूचना के आधार पर रात करीब एक बजे पुलिस ने मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही संदिग्ध युवक भागने लगा और उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने पहले उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी और हवाई फायर किए, लेकिन आरोपी ने दोबारा गोली चला दी।
इसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा और आरोपी को काबू करने के लिए नियंत्रित जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान चली गोली आरोपी के बाएं पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से एक अवैध पिस्टल और एक कारतूस बरामद किया गया। घायल आरोपी का उपचार जिला नागरिक अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने उसके खिलाफ थाना कलायत में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे