हिसार : चाेरी के आराेप में किशोर सहित दो गिरफ्तार
हिसार, 17 जून (हि.स.)। उकलाना पुलिस ने चोरी के बड़े मामले का खुलासा करते हुए किशोर सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी शुदा नकदी एवं चांदी-सोने के आभूषण बरामद किए हैं। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में एक किशोर है जबकि दूसरा आरोपी प्रभुवाला गांव निवासी सोनू है। उकलाना थाना प्रभारी पीएसआई कुलदीप ने बुधवार काे बताया कि गांव प्रभुवाला निवासी अशोक कुमार शिकायत पर 13 मार्च को उसके घर में चोरी के आरोप में केस दर्ज किया गया था। शिकायत के अनुसार किसी ने उसके घर से नकदी के अलावा चांदी की दो पाजेब (16 तोला), एक पाजेब (5 तोला), एक कड़ा (3 तोला), जूड़े की सूइयां ( पांच तोला), साड़ी की तागड़ी (10 तोला), दो जोड़ी चुटकी एवं चार मासे सोने की बालियां चोरी कर ली। इसी तरह एक अन्य मामले में गांव के राजकुमार ने शिकायत दी कि गत 15 जून को उसके घर दो सोने की अगूंठी, एक चांदी की पाजेब व एक चांदी का सिक्का चोरी हो गया। इससे पहले गांव के मनोज ने भी उसके घर से गुल्लक तोड़कर पैसे एक पाजेब चोरी करने की शिकायत दी थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीमों का गठन किया। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं सीसीटीवी फुटेज की सहायता से किशोर सहित दो आरोपियों की पहचान कर उन्हे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के कब्जे से चोरीशुदा नकदी व आभूषण बरामद कर लिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर