हिसार : टिकट काटने की रंजिश में युवकों ने फोड़ा परिचालक का सिर

 

हिसार, 21 फरवरी (हि.स.)। शहर के जिंदल अस्पताल

रोड के नजदीक आईटीआई चौक पर निजी बस के परिचालक के साथ मारपीट करके कुछ लोगों ने उसका

सिर फोड़ दिया। घायल हालत में परिचालक को जिले के नागरिक अस्पताल में भर्ती करवाया

गया है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार कुछ युवकों

ने बस में चढ़कर परिचालक को नीचे घसीट लिया और डंडों व लोहे की पाइप से हमला कर दिया।

हमले में कंडक्टर को सिर समेत शरीर पर चोटें आईं। शिकायतकर्ता भिवानी जिले के गारनपुर

कलां निवासी अमनदीप ने शनिवार को बताया कि वह निजी बस पर कंडक्टर है। बस का रूट हिसार

से तोशाम और तोशाम से हिसार है। आरोप है कि सुबह कुछ युवक बस में चढ़े थे और टिकट लेने

से मना कर रहे थे। कंडक्टर ने उनके टिकट काट दिए थे। इसी रंजिश में दोपहर को आईटीआई

चौक पर बस रुकते ही युवक दोबारा चढ़े और हमला कर दिया। घटना के बाद चालक और सवारियों

ने बीच-बचाव कर अमनदीप को छुड़वाया और नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने केस

दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर