बिजली समस्या पर ग्रामीणों ने जींद-सफीदों मार्ग पर लगया दो घंटे जाम

 


जींद, 30 मई (हि.स.)। गांव धड़ौली के ग्रामीणों ने शनिवार को बिजली समस्या से परेशान होकर जींद-सफीदों मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पिछले चार दिनों से बिजली नही है। जिसके बारे बिजली निगम अधिकारियो को कई बार शिकायत की जा चुकी है। बावजूद इसके विभाग ने कोई कदम नही उठाया। जाम लगने की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस तथा बिजली निगम के जेई मौके पर पहुंच गए और चार दिन मे समस्या का समाधान का आश्वासन देकर जाम खुलवाया। लगभग दो घंटे लगे जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालको को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

जाम लगाए ग्रामीणों ने कहा कि चार दिन पहले आंधी से पोल टेढ़े हुए थे। सीधा करने पर तार पेड़ों का छू रहे हंै। बिजली लाइन बार बार ट्रिप हो रही है। जिससे करेंट आने का खतरा भी बना हुआ है। गांव में लगे ट्रासंफार्मर में भी करेंट आ रहा है। बिजली आती है तो वह डिम होती है। जिसके चलते उन्हें भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली न होने के कारण पीने के पानी, चारा काटने में दिक्कत हो रही है। गर्मी का मौसम है। दिन तो किसी तरह कट जाता है लेकिन रात को बेहाल हो जाते हैं।

जाम लगने की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना प्रभारी पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए और ग्रामीणों से बातचीत की। ग्रामीणों ने बिजली निगम अधिकारियों को मौके पर बुला समस्या के समाधान की मांग पर अड़े रहे। आखिरकार बिजली निगम के जेई सुशील मौके पर पहुंचे और बिजली निगम कार्यकारी अभियंता से बात करवा ग्रामीणों को शांत किया। उन्होंने आश्वासन दिया कि चार दिन में समस्या का समधान कर दिया जाएगा। जिस पर ग्रामीण जाम खोलने को राजी हो गए। लगभग दो घंटे लगे जाम के कारण यात्रियों तथा वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा