हांसी : पानी की मोटर चोरी करके बेच रहे युवक को ग्रामीणों ने कुएं में लटकाया, पीटा

 


पुलिस ने किया जानकारी से इनकार, वीडियो की होगी जांच

हिसार, 04 जून (हि.स.)। हांसी क्षेत्र के गांव सोरखी में मोटर चोरी के आरोप

में एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़कर रस्सियों से बांधकर कुएं में उल्टा लटका दिया। आरोप

है कि युवक पानी की मोटर चोरी करके कबाड़ी को बेच रहा था कि उसे मोटर बेचते समय ग्रामीणों

ने रंगे हाथ पकड़ लिया। हालांकि पुलिस ने युवक को कुएं में लटकाने से संबंधित कोई शिकायत

मिलने से इनकार किया है।

बताया जा रहा है कि हांसी क्षेत्र के गांव सोरखी में एक युवक को पानी की मोटर

चोरी करते पकड़ा। जब वह चोरी की गई मोटर कबाड़ी को बेच रहा था तो ग्रामीणों ने उसे

रंगे हाथ पकड़ लिया। इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को रस्सियों से बांधकर डंडों से पीटा

और पुलिस की तरह थर्ड डिग्री देकर उससे चोरी की और भी वारदातें कबूल करवाई। युवक चीखता-चिल्लाता

रहा। युवक ने जैसे ही चोरी की और वारदातें कबूली तो ग्रामीणों ने और मारपीट उसके साथ

की। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें ग्रामीण आरोपी युवक को पीटते हुए और कुएं

में उल्टा लटकाते हुए दिखाई दे रहा है। युवक अनुसूचित जाति समाज से बताया गया है। वहीं,

इस मामले में पुलिस ने जानकारी ना होने की बात कही है।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में दिखाई रहा है कि ग्रामीणों ने युवक

को रस्सियों से बांधकर कुएं में उल्टा लटकाया हुआ है। युवक बाहर निकलने के लिए जोर-जोर

से चिल्लाता है। मगर, ग्रामीण उसे पानी भरे कुएं में और नीचे कर देते हैं। इसके बाद

करीब एक मिनट तक युवक को कुएं में लटकाया जाता है। इस पर युवक सारी बताने को तैयार

हो जाता है, तब जाकर उसे बाहर निकाला जाता है और डंडों से पीटा जाता है। रस्सियों से

भी बांधने का प्रयास किया जाता है। गांव के सरपंच रामचंद्र का कहना है कि यह घटना

दो दिन पुरानी है। पकड़ा गया युवक अनुसूचित जाति से संबंध रखता है। वह चोरी और नशा करता

है। ग्रामीणों ने इसे मौके पर पकड़ लिया था। मगर उसे गलत तरीके से मारा गया है। इसमें

डायल 112 मौके पर बुलाई गई थी। वह बाहर दिल्ली आए हुए हैं इसलिए जानकारी नहीं ले पाए।

सोरखी पुलिस चौकी इंचार्ज का कहना है कि उनको जानकारी नहीं है ना ही इस संबंध

में कोई शिकायत आई है। सोशल मीडिया पर ऐसा कोई वीडियो चल रहा है, तो दिखवा लेते है।

यदि किसी ने कानून का उल्लंघन किया है, जांच कर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर