जींद : वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत

 


जींद, 17 सितंबर (हि.स.)। गांव बुढ़ाखेड़ा से खरक रोड पर बुधवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने गुरूवार को मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

गांव रजाना कलां निवासी 21 वर्षीय योगेश तथा बिहार निवासी मजदूर 28 वर्षीय शहबाज बुधवार को खेत में स्प्रे करने गए हुए थे। रात को दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। गांव बुढाखेड़ा-खरक रोड पर वाहन की टक्कर लगने से दोनों नीचे गिर कर घायल हो गए। घटना को अंजाम देकर चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों ने दोनों को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पाकर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और स्थिति का जायजा लिया। मृतक योगेश के पिता देशराज ने बताया कि योगेश अविवाहित था। जबकि शहबाज तीन बच्चों का पिता था। वह मजदूरी करने के लिए गांव रजाना कलां आया हुआ था। पुलिस ने मृतक योगेश के पिता देशराज के ब्यान पर दोनों मृतकों के शवों का गुरूवार को नागरिक अस्पताल जींद में पोस्टमार्टम करवा परिजनों को सौंप दिया है। पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी रोहित ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा