जींद : मेंटेनेंस के बाद फिर से साेनीपत के रूट पर चली हाइड्राेजन ट्रेन
जींद, 25 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली स्थित शकूरबस्ती से शुक्रवार को मेंटेनेंस के बाद हाइड्रोजन ट्रेन शनिवार को जींद पहुंची और ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन से सोनीपत के लिए रवाना हुई। ट्रेन सात बजकर 40 मिनट पर जींद जंक्शन से रवाना हुई और इसमें 30 यात्रियों ने सफर किया। अब हाइड्रोजन ट्रेन प्लेटफार्म नंबर तीन से ही सोनीपत के लिए चलेगी। जबकि पिछले सप्ताह प्लेटफार्म नंबर एक से चल रही थी। एक सप्ताह बाद भी हाइड्रोजन ट्रेन में सोनीपत जाने वाले यात्री जंक्शन पर पहुंचकर सेल्फी व रील बना रहे हैं।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गत 17 जुलाई को देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का उद्घाटन किया था। जींद जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक से रवाना किया था। पहले दिन स्पेशल पास पर 200 विद्यार्थियों व उनके साथ शिक्षकों ने ट्रेन में सफर किया था। इसके बाद 18 जुलाई के दिन ट्रेन को मेंटनेंस के लिए शकूरबस्ती भेज दिया गया था। इस दौरान रेलवे ने यात्रियों के लिए सुचारू रूप से ट्रेन के चलने को लेकर शेड्यूल जारी किया था। शेड्यूल के अनुसार ट्रेन सात बजकर 40 मिनट पर जींद जंक्शन से रवाना होती है और जींद सिटी, पांडू पिंडारा, ललितखेड़ा, भंभेवा, ईसापुर खेड़ी, बुटाना, खंराई, गोहाना, राबरा, लाठ, मोहाना, बरवासनी होते हुए सोनीपत पहुंचती है। जींद से सोनीपत की दूरी 89 किलोमीटर है। जींद से सुबह सात बजकर 40 मिनट पर चलकर ट्रेन दो घंटे में नौ बजकर 40 मिनट तक सोनीपत पहुंच जाती है। यहां एक घंटा ठहराव के बाद ट्रेन सोनीपत से 10 बजकर 40 मिनट पर जींद के लिए रवाना होती है। दोपहर एक बजे तक ट्रेन जींद पहुंचती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा