जींद : पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता से बदला मौसम, बारिश ने मौसम किया खुशगवार
जींद, 04 जून (हि.स.)। पिछले कई दिनों से भीषण गर्मी से परेशान लोगों को गुरूवार को बारिश ने राहत देने का काम किया। पश्चिम विक्षोभ की सक्रियता के चलते मौसम बदला और बारिश हुई। हालांकि कुछ समय बारिश के बाद फिर से धूप निकल आई लेकिन शाम को फिर मौसम में बदलाव आ गया। बारिश होने से तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई। जिससे अधिकतम तापमान 40 से 38 डिग्री पर गया। जबकि हवा की गति पांच किलोमीटर व मौसम में आद्रता 27 प्रतिशत रही।
जींद में सात एमएम, नरवाना में दो एमएम, अलेवा में एक एमएम बारिश दर्ज की गई। गुरूवार सुबह का आगाज सूर्य की तेज धूप के साथ और दोपहर तक तापमान भी लगातार बढ़ता गया। हालांकि दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और आसमान में घने बादल छा गए। इसके कुछ ही देर बाद तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई।
बारिश शुरू होते ही लोगों ने राहत की सांस ली। बाजारों, सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर मौजूद लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए। कई दिनों से लगातार पड़ रही गर्मी के कारण लोग घरों में रहने को मजबूर थे लेकिन बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। बारिश के कारण तापमान में भी कई डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। जिससे वातावरण में ठंडक घुल गई। दोपहर बाद करीब आधे घंटे तक हुई अच्छी बारिश से सड़कों पर पानी भर गया। बारिश के बाद चलने वाली ठंडी हवाओं ने मौसम को और भी खुशनुमा बना दिया।
शाम के समय पार्कों में लोगों की चहल.पहल बढ़ गई। पांडू पिंडारा मौसम विज्ञान केंद्र के मौसम वैज्ञानिक डा. राजेश ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव देखने को मिला है। आने वाले एक-दो दिनों तक भी आंशिक बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हलकी बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना बनी हुई है। इससे तापमान में और गिरावट आ सकती है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा