हिसार : हरियाणा पॉवर स्पोर्ट्स ग्रुप की टीम रही दूसरे स्थान पर, मिला रजत पदक
47वीं अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मंडल हॉकी प्रतियोगिता में मिली
सफलता
हिसार, 19 दिसंबर (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्युत क्रीड़ा नियंत्रण मंडल के तत्वाधान
में मध्यप्रदेश के जबलपुर में आयोजित तीन दिवसीय 47वीं अखिल भारतीय विद्युत हॉकी प्रतियोगिता
में हरियाणा पॉवर स्पोर्ट्स ग्रुप की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने रजत पदक
प्राप्त कर हरियाणा के साथ–साथ बिजली निगमों का भी नाम रोशन किया है।
हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के स्पोर्ट्स सेक्रेटरी व हॉकी टीम के गोलकीपर
इंजीनियर एसडीओ सुनील वर्मा ने शुक्रवार काे बताया कि जबलपुर में खेली गई इस तीन दिवसीय हॉकी प्रतियोगिता
में देशभर की विद्युत इकाइयों की बेहतरीन टीमों ने भाग लिया। कठिन मुकाबलों के बीच
हरियाणा टीम ने अनुशासन, टीमवर्क और जुझारूपन का परिचय देते हुए फाइनल तक का सफर तय
किया।
इस उपलब्धि पर हरियाणा पावर स्पोर्ट्स ग्रुप के जनरल सेक्रेटरी व बैडमिंटन
कोच सुरेन्द्र कुमार ने हॉकी टीम के खिलाड़ियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस उत्कृष्ट
उपलब्धि पर पूरी हॉकी टीम, कोच, मैनेजमेंट एवं सहयोगी स्टाफ हार्दिक बधाई और उज्ज्वल
भविष्य की शुभकामनाओं के पात्र हैं। यह सफलता निश्चित रूप से अन्य कर्मचारियों और खिलाड़ियों
को भी खेलों के प्रति प्रेरित करेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर