हिसार की अंडर-14 बॉयज़ फुटबॉल टीम ने रचा गौरवपूर्ण इतिहास
हरियाणा स्कूल स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में प्रथम
स्थान प्राप्त किया
हिसार, 24 सितंबर (हि.स.)। दिग्विजय मेमोरियल
स्कूल की अंडर-14 बॉयज़ फुटबॉल टीम ने हरियाणा स्कूल स्टेट फुटबॉल चैंपियनशिप में प्रथम
स्थान प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है। यह प्रतियोगिता शहर के राजकीय कॉलेज
में हुई।
इस शानदार उपलब्धि के साथ-साथ डीएमएस के विद्यार्थियों
का एसजीएफआई नेशनल स्कूल फुटबॉल चैंपियनशिप के लिए चयन भी हुआ है, जो विद्यालय के लिए
एक और गौरवपूर्ण उपलब्धि है। विद्यालय की टीम में आशीष, मनमोहन, हिमांशु, हर्ष, अर्जुन,
नीरज, अमन एवं हर्षित शामिल रहे। ये सभी प्रतिभाशाली विद्यार्थी कक्षा 7वीं, 8वीं एवं
9वीं में अध्ययनरत हैं। इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय की चेयरपर्सन रिटायर्ड
ग्रुप कैप्टन वीएस राठौर, डायरेक्टर स्मिता राठौर, प्रधानाचार्य प्रवीण खंडेलवाल एवं
कोच धीरज ने गुरुवार काे सभी खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने विद्यार्थियों के उत्कृष्ट
प्रदर्शन, अनुशासन, टीम भावना एवं कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं
सफल भविष्य की कामना की। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यार्थियों,
कोच, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार के सामूहिक प्रयासों का परिणाम है। डीएमएस विद्यार्थियों
के शैक्षणिक विकास के साथ-साथ खेल एवं अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में सर्वांगीण
विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है।विद्यालय परिवार ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ
देते हुए कहा कि उन्हें अपने विद्यार्थियों पर गर्व है और वे यूं ही आगे बढ़ते रहें
और विद्यालय का नाम रोशन करते रहें।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर