जींद : सरकारी स्कूल भाणा ब्राह्मणन में प्राध्यापक से मारपीट करने पर मामला दर्ज

 


जींद, 19 सितंबर (हि.स.)। सदर थाना नरवाना पुलिस ने सरकारी स्कूल भाणा ब्राह्मणन में प्राध्यापक के साथ मारपीट करने पर शिकायत पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

सरकारी स्कूल भाणा ब्राह्मणन के प्राध्यापक पवन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह स्कूल में छात्रों का अंग्रेजी पढ़ाता है। गत 13 अगस्त को उसने 11वीं कक्षा की छात्रा से कई दिनों तक स्कूल न आने का कारण पूछा था। जिस पर उन्होंने छात्रा को घर भेज दिया। जिस से खफा छात्रा के परिजनों ने स्कूल पहुंच कर उसके साथ मारपीट की।

पूरी घटना स्कूल में लगी सीसी टीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसकी जांच डीएसपी उचाना को साैंपी गई। जांच में प्राध्यापक द्वारा लगाए आरोप सही पाए गए। सदर थाना नरवाना पुलिस प्रध्यापक पवन की शिकायत पर गांव भाणा ब्राह्मणन निवासी नरेश, रवि, जितेंद्र, रामजुआरी के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट करने समेत विभिन्न भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शनिवार को जानकारी देते हुए सदर थाना नरवाना के जांच अधिकारी रोहताश ने बताया कि स्कूल प्राध्यापक द्वारा शिकायत की गई थी। फिलहाल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा