हिसार-हांसी की 250 बसों के पहिए थमे, दो दिनों में 20 लाख से अधिक का नुकसान

 




रोडवेज कर्मचारियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी, सिरसा डिपो में भी कर्मचारियों

ने दिया समर्थन

महाप्रबंधक के साथ बातचीत बेनतीजा, मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का

ऐलान

हिसार, 01 नवंबर (हि.स.)। हरियाणा रोडवेज के हिसार डिपो में कर्मचारियों की

हड़ताल रविवार को दूसरे दिन भी जारी रही। हड़ताल के चलते हिसार डिपो और हांसी सब डिपो

की करीब 250 बसों का संचालन पूरी तरह ठप रहा। हालांकि दूसरे डिपो से आने वाली बसों

और निजी बसों का संचालन जारी रहने से यात्रियों को कुछ राहत मिली हुई है। दो दिनों

की हड़ताल के चलते हिसार और हांसी डिपो को करीब 20 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान

हो चुका है। कर्मचारियों के तेवर देखते हुए सोमवार को भी हड़ताल समाप्त होने की संभावना

कम नजर आ रही है।

रात्रि भत्ता, मेडिकल भत्ता, एलटीसी सहित अन्य लंबित वित्तीय लाभों के भुगतान

की मांग पर कर्मचारी सांझा संघर्ष समिति के नेतृत्व में धरने पर बैठे हैं। रविवार को

महाप्रबंधक ने समिति के पदाधिकारियों को बातचीत के लिए बुलाया। बैठक में कर्मचारियों

के लंबित वित्तीय देयकों के भुगतान को लेकर चर्चा हुई, लेकिन अधिकारियों की ओर से कोई

संतोषजनक जवाब या ठोस आश्वासन नहीं मिलने के कारण बातचीत बेनतीजा रही। इससे नाराज कर्मचारियों

ने आंदोलन जारी रखने का फैसला लिया।

धरने पर बैठे कर्मचारियों ने बताया कि उनके समर्थन में रविवार को सिरसा डिपो

में भी कर्मचारियों ने हड़ताल की है। यदि उच्चाधिकारी जल्द कोई समाधान नहीं निकालते

तो यह आंदोलन फतेहाबाद सहित प्रदेश के अन्य जिलों में भी फैल सकता है। कर्मचारियों

का कहना है कि वे वर्षों से अपने लंबित वित्तीय लाभों का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन

बार-बार मांग उठाने के बावजूद समाधान नहीं हो रहा।

समिति के प्रेस प्रवक्ता संदीप जैनावास ने कहा कि कर्मचारियों की एकता ही इस

आंदोलन की सबसे बड़ी ताकत है। धरने में वर्कशॉप, क्लर्क, स्वीपर, चालक और परिचालक वर्ग

के सैकड़ों कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक

उनका धरना और आंदोलन जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर