हरियाणा रोडवेज के बेड़े में शामिल होंगी 500 नई बसें, सुधरेगी प्रदेश की परिवहन व्यवस्था
भिवानी को सबसे ज्यादा 40 और हिसार को 37 बसें मिलीं
प्रदेश के 22 डिपो में हुआ बसों का आवंटन
हिसार, 18 नवंबर (राजेश्वर बैनीवाल)। हरियाणा रोडवेज के बेड़े को मजबूत करने
की दिशा में परिवहन विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। प्रदेश के विभिन्न डिपो में 500 नई
स्टैंडर्ड नॉन एसी डीजल बसों का आवंटन कर दिया गया है। इस आवंटन में हिसार डिपो को
37 बसें मिली हैं। बसों की संख्या के लिहाज से हिसार प्रदेश में दूसरे स्थान पर है,
जबकि भिवानी डिपो को सबसे अधिक 40 बसें आवंटित की गई हैं।
हरियाणा परिवहन निदेशालय की ओर से बुधवार को जारी पत्र के अनुसार, अशोक लेलैंड
कंपनी को डिपोवार बसों की आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के
कुल 22 डिपो में इन बसों का वितरण किया जाएगा। हिसार के अलावा सिरसा को 32, कैथल को
25, फतेहाबाद को 25, रोहतक को 20, जींद को 20 और गुरुग्राम को 35 बसें आवंटित की गई
हैं।
परिवहन विभाग ने कंपनी को निर्देश दिए हैं कि बसों की आपूर्ति संबंधित डिपो
में निर्धारित आवंटन और सप्लाई ऑर्डर के अनुसार की जाए। इसके लिए कंपनी को हरियाणा
रोडवेज के संबंधित महाप्रबंधकों के साथ समन्वय स्थापित करने को कहा गया है। वहीं, सभी
डिपो के महाप्रबंधकों को बसों की प्राप्ति के लिए आवश्यक प्रबंध करने के निर्देश दिए
गए हैं।
विभाग में नई बसें आने व विभिन्न डिपुओं में बसों के वितरण से प्रदेश की परिवहन
व्यवस्था कुछ सुधरने की उम्मीद है। हालांकि यूनियनें व छात्र संगठन प्रदेश के परिवहन
बेड़े में 10 हजार बसें शामिल करने की मांग करते रहे हैं और उनकी मांग के अनुरूप ये
बसें कुछ भी नहीं है लेकिन फिर भी विभाग का प्रयास है कि एक बार 500 बसों का वितरण
करके प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को सुचारू किया जाए।
टायरों के अभाव में हिसार डिपो की हालत खस्ता
फिलहाल हिसार डिपो व इसके अधीन आने वाले हांसी सब डिपो में टायरों के अभाव
में 60 से अधिक बसें खड़ी है। टायरों की कमी के चलते बसें दोनों जगहों पर कर्मशाला
में खड़ी है, जिसके चलते अनेक रूट आए दिन बाधित हो रहे हैं। विभिन्न क्षेत्रों के
ग्रामीण व छात्र आए दिन रोडवेज अधिकारियों के पास पहुंचकर अपने रूटों पर बसें चलाने
की मांग करते देखे जा सकते हैं लेकिन अधिकारी कुछ व्यवस्था करके तो कुछ आश्वासन के
सहारे काम चला रहे हैं। बताया जा रहा है कि पिछले काफी समय से टायर रिसोल प्लांट का
टेंडर न होने के कारण यह स्थिति बनी हुई है। यातायात प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बताया कि इस संबंध में मुख्यालय स्थित महाप्रबंधक
की ओर से पत्र प्राप्त हुआ है। उन्होंने माना कि नई बसों के आने से परिवहन व्यवस्था
सुधरेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर