जींद : जूस पीकर पैसे नहीं देने पर होमगार्ड जवान को नौकरी से हटाया
जींद, 06 अप्रैल (हि.स.)। मुख्यमंत्री नायब सैनी की जींद में रविवार को आयोजित धन्यवाद एवं विकास रैली में जूस पीकर ठेले वाले का भुगतान नहीं करने वाले होमगार्ड के जवान महावीर की एसपी कुलदीप सिंह ने पुलिस से सेवाएं समाप्त कर दी हैं। एसपी ने होमगार्ड विभाग से उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है। वहीं भविष्य में उससे पुलिस में सेवाएं नहीं लेने बारे लिखा है।
रविवार को मुख्यमंत्री की रैली में एक होमगार्ड ने जूस पीकर ठेले वाले का भुगतान नहीं किया। बार-बार मांगने के बाद भी होमगार्ड बिना भुगतान किए चला गया। इस पर ठेलेवाले ने होमगार्ड को भुगतान करने के लिए कहा। ठेलेवाले सुमित ने आरोप लगाया कि होमगार्ड नशे में था। बार-बार भुगतान करने के लिए कहा लेकिन उसने साफ मना कर दिया। इस घटना की किसी ने वीडियो बना ली और सोशल मीडिया पर वायरल कर दी। इसके बाद मामले की भनक एसपी कुलदीप सिंह को भी लग गई। उन्होंने तुरंत पुलिसकर्मी भेज कर ठेलेवाले का भुगतान करवाया। इस मामले के बाद एसपी ने होमगार्ड जवान की पहचान करवा उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पुलिस से उसकी ड्यूटी समाप्त कर दी है। उन्होंने होमगार्ड विभाग से उसके खिलाफ कार्रवाई करने बारे भी कहा है।
पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने इस कृत की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए कहा कि इस प्रकार की अनुशासनहीनता करने वाले को किसी भी सूरत में नहीं बख्सा जाएगा। उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा