भिवानी: जमीनी विवाद में ट्रैक्टर चढ़ाकर बुजुर्ग महिला की हत्या, बेटे को भी कुचला

 

धनाना गांव में दिनदहाड़े वारदात से मचा हड़कंप, 65 वर्षीय प्यारी की मौत

घायल बेटे को पीजीआई रोहतक रेफर

भिवानी, 25 सितंबर (हि.स.)। जिले के गांव धनाना में शुक्रवार को जमीनी विवाद

ने खूनी रूप ले लिया। विवाद के दौरान एक बुजुर्ग महिला की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या

कर दी गई, जबकि उसे बचाने के दौरान उसका बेटा भी ट्रैक्टर की चपेट में आकर घायल हो

गया। वारदात के बाद गांव में हड़कंप मच गया। घायल युवक को परिजन तत्काल भिवानी के नागरिक

अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों

ने उसे पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया।

मृतका की पहचान धनाना निवासी करीब 65 वर्षीय प्यारी के रूप में हुई है। वहीं

घायल उसका करीब 36 वर्षीय बेटा राजेश है। बताया जा रहा है कि जमीनी विवाद को लेकर दोनों

पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। शुक्रवार को इसी विवाद के दौरान ट्रैक्टर की चपेट में

आने से प्यारी गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां

चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसी दौरान उसका बेटा राजेश भी ट्रैक्टर की चपेट

में आ गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर

जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े लोगों से पूछताछ भी शुरू की है। भिवानी के एसपी मयंक मिश्रा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला जमीनी विवाद

से जुड़ा सामने आया है। ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है, जबकि उसका

बेटा घायल हुआ है। उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। एसपी ने कहा कि परिवार की शिकायत

मिलने के बाद उसके आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मामले के सभी पहलुओं

की जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर